Mamata Banerjee Delhi Visit: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी मंगलवार को दिल्ली पहुंचीं। बता दें कि ममता बनर्जी 30 सितंबर को होने वाली INDIA Bloc की बैठक में शामिल होने के लिए पहुंची, इस बैठक में चुनाव आयोग, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्ष की आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना बताई जा रही है । 

दिल्ली पहुंचने के बाद ममता बनर्जी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि विपक्ष का निशाना मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उनकी पूरी सॉफ्टवेयर टीम है। बता दें कि इस दौरान उन्होंने CEC ज्ञानेश कुमार को लेकर 'वैनिश कुमार' शब्द का भी इस्तेमाल किया।

30 सितंबर को INDIA Bloc की बैठक
जानकारी के अनुसार, विपक्षी दलों की बैठक में SIR के दौरान मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा हो सकती है। विपक्षी दल CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR को लेकर विरोध कार्यक्रम की रणनीति पर भी विचार कर रहे हैं। ममता बनर्जी की दिल्ली यात्रा ऐसे समय हुई है जब चुनाव आयोग और विपक्ष के बीच SIR को लेकर विवाद बढ़ा हुआ है।

चुनाव आयोग के भीतर मतभेद की रिपोर्ट पर भी विवाद
यह विवाद उस रिपोर्ट के बाद और तेज हुआ जिसमें दावा किया गया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने 10 महीने की अवधि में मतदाता पंजीकरण, नाम हटाने और बहाल करने, फॉर्म-6 तथा चुनावी डेटा से जुड़े फैसलों पर कम से कम 14 बार आपत्तियां दर्ज की थीं। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन कथित आपत्तियों को संस्थागत मतभेद के तौर पर पेश किए जाने से असहमति जताई है। आयोग का कहना है कि SIR से जुड़े फैसले चुनाव आयोग की सर्वसम्मत मंजूरी से लिए गए।

कांग्रेस CWC ने भी की CEC के इस्तीफे की मांग
INDIA Bloc की बैठक से एक दिन पहले मंगलवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक नई दिल्ली में हुई। बैठक में कांग्रेस ने CEC ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे, SIR को निलंबित करने और पार्टी के दावे के मुताबिक मतदाता सूची से हटाए गए 13 करोड़ 30 लाख नामों को बहाल करने की मांग की।

कांग्रेस ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंताओं को सामने रखते हुए राहुल गांधी के पहले लगाए गए 'Vote Chori' के आरोपों का भी हवाला दिया। पार्टी ने EVM, मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने और CEC की नियुक्ति प्रक्रिया सहित कई मुद्दों को उठाया है।

INDIA Bloc की बैठक में क्या हो सकता है?
30 सितंबर की बैठक में विपक्षी दल चुनाव आयोग और SIR को लेकर साझा रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं। संभावित मुद्दों में CEC के खिलाफ कार्रवाई की मांग, SIR के विरोध में देशव्यापी कार्यक्रम और संसद के स्तर पर आगे की रणनीति शामिल हैं।