Kathua CISF Firing: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सोमवार को CISF कैंप के भीतर हुई फायरिंग की घटना में चार जवानों की मौत हो गई। मृतकों में एक असिस्टेंट कमांडेंट, एक सब इंस्पेक्टर और दो कॉन्स्टेबल शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

यह घटना कठुआ जिले के बसोली इलाके के माशका स्थित सेवा पावर प्रोजेक्ट में बने CISF कैंप की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कैंप के भीतर जवानों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद फायरिंग हो गई। हालांकि विवाद की वजह क्या थी, इसका अभी आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया है।

इन चार जवानों की हुई मौत

फायरिंग की इस घटना में चार CISF कर्मियों की जान चली गई। मृतकों की पहचान कॉन्स्टेबल रफीक अहमद, कॉन्स्टेबल संदीप कुमार, असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडे और सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह के रूप में हुई है।घटना के बाद कैंप में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस के साथ अन्य संबंधित एजेंसियां भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती रिपोर्टों के आधार पर मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटना को लेकर आगे की जानकारी आने पर जांच के अनुसार स्थिति स्पष्ट होगी।

 

 खबर लगातार अपडेट की जा रही है।