INDIA Bloc Meeting: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर विपक्षी दलों का रुख और सख्त होता दिख रहा है। बुधवार को नई दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में हुई INDIA गठबंधन की बैठक करीब साढ़े तीन घंटे चली। बैठक में चुनाव आयोग की भूमिका, SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर विपक्षी दलों ने अपनी आगे की रणनीति पर चर्चा की।

बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मीडिया को संबोधित किया। दोनों नेताओं ने चुनाव आयोग और CEC ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्ष की चिंताएं सामने रखीं।

6 अक्टूबर से हर जिले में 'लोकतंत्र बचाओ मार्च'
मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि बैठक में विपक्षी दलों ने 6 अक्टूबर से हर जिले में 'लोकतंत्र बचाओ मार्च' निकालने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि 2 से 8 अक्टूबर के बीच युवाओं, INDIA ब्लॉक के सदस्यों, NGOs और सिविल सोसाइटी से जुड़े लोगों के साथ लोकतंत्र बचाने से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

खड़गे ने कहा कि बैठक में राहुल गांधी, ममता बनर्जी समेत कई नेताओं की ओर से सुझाव दिए गए। उनके मुताबिक, विपक्षी दलों ने देशभर में चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराने के लिए संयुक्त कार्यक्रम तय किए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि विपक्ष की ओर से पांच बड़ी रैलियां आयोजित की जाएंगी।

ममता ने CEC पर लगाए गंभीर आरोप
बैठक के बाद ममता बनर्जी ने CEC ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि SIR के जरिए बिहार और बंगाल में वोटों की चोरी हुई है। उन्होंने दावा किया कि सॉफ्टवेयर में बदलाव के जरिए वोटों से छेड़छाड़ की गई।

हालांकि, ये ममता बनर्जी और विपक्षी दलों द्वारा लगाए गए आरोप हैं। चुनाव आयोग की ओर से SIR प्रक्रिया को लेकर विपक्ष के आरोपों का खंडन किया गया है और आयोग अपने फैसलों को कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप बता चुका है। ममता ने कहा कि CEC ज्ञानेश कुमार को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है और उन्होंने उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की।

INDIA गठबंधन एकजुट
ममता बनर्जी ने कहा कि INDIA गठबंधन इस मुद्दे पर एकजुट है। उन्होंने कहा कि अगर CEC के इस्तीफे की मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।उन्होंने गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ सड़क पर उतरने की बात कही और आम लोगों, छात्रों, युवाओं, NGOs और पत्रकारों से भी इस अभियान में शामिल होने की अपील की।

चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष का साझा रुख
SIR को लेकर विपक्षी दल पिछले कुछ समय से चुनाव आयोग पर सवाल उठाते रहे हैं। INDIA ब्लॉक की बुधवार की बैठक भी इसी पृष्ठभूमि में हुई। इससे पहले कांग्रेस कार्य समिति ने भी CEC ज्ञानेश कुमार को लेकर अपनी मांगें सामने रखी थीं और देशव्यापी आंदोलन की बात कही थी।

अब 6 अक्टूबर से प्रस्तावित 'लोकतंत्र बचाओ मार्च' और पांच बड़ी रैलियों के ऐलान के बाद यह मुद्दा आने वाले दिनों में विपक्ष की राजनीतिक गतिविधियों के केंद्र में रहने वाला है।