नई दिल्ली: भारत के चुनाव आयोग (ECI) ने मंगलवार 6, अक्टूबर को INDIA गठबंधन के विरोध प्रदर्शन के बाद स्पष्ट किया कि शाम 4 बजे तक किसी भी राजनीतिक दल ने आयोग से मिलने के लिए औपचारिक रूप से समय नहीं मांगा था। आयोग ने कहा कि बाद में दिल्ली पुलिस के माध्यम से सूचना मिली कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल आयोग से मिलकर ज्ञापन सौंपना चाहता है।

ECI ने कहा शाम 4 बजे तक किसी ने मिलने का समय नहीं मांगा

विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के बाद जारी एक बयान में, ECI ने कहा कि उसे शाम करीब 4 बजे दिल्ली पुलिस से जानकारी मिली कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में लगभग 240 सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयुक्तों से मिलना चाहता है और संसद भवन एनेक्सी में एक ज्ञापन सौंपना चाहता है। ECI ने इस प्रस्ताव को “असामान्य” बताया और कहा कि आयोग की बैठकों का आयोजन केवल उसके निर्धारित कार्यालय परिसर में ही किया जाता है, इसलिए यह अनुरोध स्वीकार नहीं किया जा सकता था।

आयोग ने कहा ऐसी कोई औपचारिक प्रक्रिया पूरी नहीं की गई

चुनाव आयोग के अनुसार, उसकी स्थापित प्रक्रिया के तहत किसी भी राजनीतिक दल या संयुक्त प्रतिनिधिमंडल को अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से पहले बैठक का अनुरोध करना होता है। इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से समय तय किया जाता है। आयोग ने कहा कि इस मामले में ऐसी कोई औपचारिक प्रक्रिया पूरी नहीं की गई थी। चुनाव आयोग ने एक वैकल्पिक प्रस्ताव भी दिया। आयोग ने कहा कि वह अपने सबसे वरिष्ठ अधिकारी को सांसदों के पास भेजकर ज्ञापन प्राप्त करने की व्यवस्था कर सकता था, जो स्वयं में एक अभूतपूर्व कदम होता।

ये भी पढ़ें-अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले-"BJP चुनाव आयोग के ज़रिए सिस्टम में करती है हेर-फेर"