दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई हैं। जहां अब दिल्ली में लोगों को जाम से निजात मिलेगी। दिल्ली का लोनी गोलचक्कर जाम का एक बड़ा हाटस्पाट माना जाता है। लोनी रोड पर बना यह गोलचक्कर दिल्ली को उत्तर प्रदेश से जोड़ता है। यहां करीब एक दिन में डेढ लाख वाहनों का आवागमन होता है।
लोगों को जाम के झाम से छुटकारा दिलाने के लिए दिल्ली सरकार 56 करोड़ रुपये की लागत से गोलचक्कर पर अंडरपास बना रही है। पीडब्ल्यूडी करीब डेढ़ साल में अंडरपास का निर्माण कार्य पूरा करेगा।
56 करोड़ से बनेगा अंडरपास
मंगलवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने निर्माण कार्य का ऑनलाइन शिलान्यास किया। लोनी गोचक्कर पर भी एक कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें मुख्य रूप से डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट, जिला विकास समिति चेयरमैन जितेंद्र महाजन, भाजपा नेता डाॅ. अनिल गुप्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे।
लोनी रोड यमुनापार के मुख्य मार्ग में शामिल है, जो दिल्ली को उत्तर प्रदेश से जोड़ता है। गोलचक्कर पर चार तरफ का ट्रैफिक होने की वजह से जाम लगा रहता है। यहां के लोग पिछले कई वर्षों से जाम से निजात की मांग कर रहे हैं। अब जाकर सरकार ने वाहन चालकों व स्थानीय लोगों की मांग सुनी है।
जाम से समय और ईंधन बचेगा
डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि दिल्ली सरकार वह फैसले ले रही है, जो जनता के हित से जुड़े हुए हैं। वर्षों से वाहन चालक लोनी गोलचक्कर पर जाम का सामना कर रहे हैं।
सरकार ने उनके दर्द को समझा और अब उसका समाधान अंडरपास के जरिये दिया जा रहा है। जिला विकास समिति चेयरमैन जितेंद्र महाजन ने कहा कि जाम की वजह से लोगों का समय व हजारों रुपये का ईंधन जाम में बर्बाद होता है। वह दिल्ली विधानसभा में कई बार यहां की समस्या को उठा चुके हैं। सरकार ने लोगों की पीढ़ा को समझा। अंडरपास बनने के बाद जाम खत्म हो जाएगा।
प्रदूषण कम करने में मिलेगी मदद
भाजपा नेता व डीपीसीसी के सदस्य डॉ. अनिल गोयल ने कहा कि राजधानी में आए दिन वाहन चालक जाम में फंसते हैं। ट्रैफ्रिक से बचने और प्रदूषण को खत्म करने के लिए सरकार यहां अंडरपास बना रही है।
दिल्ली में वाहनों की वजह से प्रदूषण ज्यादा रहता है। सरकार ने जाम की नब्ज को पकड़ा है। इस मौके पर पार्षद मुकेश बंसल, रीना माहेश्वरी, पूर्व पार्षद प्रवेश शर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे।