नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर INDIA गठबंधन के नेताओं और सांसदों के जंतर-मंतर की ओर मार्च निकालने के बाद, दिल्ली पुलिस ने फिर से स्पष्ट किया है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के लिए कम से कम 10 दिन पहले अनुमति लेनी अनिवार्य है और एक हजार से अधिक लोगों की भीड़ जुटने की अनुमति नहीं है। सेंट्रल विस्टा और कई संवेदनशील क्षेत्रों में प्रदर्शन पर पहले से प्रतिबंध लागू है।
CJP का SIR के खिलाफ दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रदर्शन
इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि, नई दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने CJP को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है तथा राजधानी की सीमाओं पर सुरक्षा एवं निगरानी बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही पिछले आंदोलनों में शामिल हजारों लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
बिना अनुमति के प्रदर्शन करने की इजाजत कतई नहीं
पुलिस ने साफ कहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को भी नई दिल्ली जिले में कहीं भी बिना अनुमति के प्रदर्शन करने की इजाजत कतई नहीं दी जाएगी। जो लोग कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश करेगा पुलिस उससे बहुत सख्ती से निपटेगी।
CJP ने कहा- अनुमति नहीं मांगी, केवल सूचना दिया है
वहीं कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 10, अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है। इस संदर्भ में CJP के नेताओं का कहना है कि वे प्रदर्शन के लिए पुलिस से अनुमति नहीं, बल्कि केवल सूचना देने गए थे। पार्टी का आरोप है कि प्रशासन आंदोलन को रोकने की कोशिश कर रहा है, जबकि पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निर्धारित नियमों के पालन की बात कह रही है।
ये भी पढ़ें-CM योगी और अकी आबे ने किया ‘शिंजो आबे मेमोरियल कॉरिडोर’ का उद्घाटन, भारत-जापान मित्रता को मिली नई पहचान