नई दिल्ली: चुनाव आयोग और SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के खिलाफ INDIA ब्लॉक के सांसदों का विरोध मार्च मंगलवार को हंगामेदार हो गया। संसद भवन से निर्वाचन सदन की ओर बढ़ रहे विपक्षी नेताओं को पुलिस ने आकाशवाणी के पास रोक दिया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी आकाशवाणी के बाहर बैठ गए हैं। दोनों नेता चुनाव आयोग के दफ्तर तक जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। मौके पर विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से लगातार नारेबाजी की जा रही है।

EC दफ्तर तक मार्च पर पुलिस का पहरा
INDIA ब्लॉक के सांसद चुनाव आयोग के सामने SIR और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर विरोध दर्ज कराने के लिए निर्वाचन सदन तक मार्च कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने पहले ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी और बैरिकेडिंग लगाकर नेताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया।

मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं। नेताओं के रुकने के बाद भी प्रदर्शन जारी है और लगातार नारेबाजी हो रही है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा और बढ़ा दी है।


बैरिकेड पर चढ़े राहुल गांधी, लहराया तिरंगा
निर्वाचन सदन की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने कई जगहों पर बैरिकेड लगाकर रोक दिया। इस दौरान राहुल गांधी पुलिस बैरिकेड पर चढ़ गए और उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज लहराया। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, डी. राजा और INDIA ब्लॉक के अन्य वरिष्ठ नेता बैरिकेड के पास धरने पर बैठ गए। समाजवादी पार्टी के सांसद ज़िया-उर-रहमान बर्क भी अपने साथी सांसदों के साथ पुलिस बैरिकेड पर चढ़ते नजर आए। प्रदर्शनकारी लगातार चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।

 

3000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
मार्च को देखते हुए नई दिल्ली जिले में 3000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। इनमें पुरुषों की 27 और महिलाओं की 4 कंपनियां शामिल हैं। संसद भवन, पार्लियामेंट स्ट्रीट, निर्वाचन सदन और आसपास के संवेदनशील इलाकों में भारी सुरक्षा बल तैनात रहा।

RAF के जवान भी मौके पर मौजूद रहे। दिल्ली पुलिस के अधिकारी और जवान बॉडी कैमरा लगाकर ड्यूटी करते नजर आए। नई दिल्ली जिले के DCP सचिन शर्मा भी बॉडी कैमरे के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते दिखे। 

अखिलेश यादव का चुनाव आयोग पर हमला

मार्च में शामिल समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है और आरोप लगाया कि बीजेपी के सत्ता में आने के बाद चुनाव आयोग ने उसके लिए काम करना शुरू कर दिया। अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में बूथ लूटे जाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष की कई शिकायतें और आपत्तियां हैं।