नई दिल्ली: दिल्ली में सांस लेना अभी भी आसान नहीं हुआ है। राजधानी की हवा लगातार 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी हुई है। शनिवार को दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 367 दर्ज किया गया। हालांकि, एक दिन पहले के मुकाबले इसमें छह अंकों का सुधार हुआ है, लेकिन प्रदूषण का स्तर अब भी चिंता बढ़ाने वाला है।

इस बीच मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में बारिश की संभावना जताई है। माना जा रहा है कि वर्षा होने से हवा में मौजूद प्रदूषक कणों का स्तर कम हो सकता है। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम ने भी अगले दो दिनों में PM 2.5 और PM 10 के स्तर में गिरावट का अनुमान लगाया है।

59 में से 17 निगरानी केंद्रों पर गंभीर प्रदूषण

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली का औसत AQI 373 था, जो शनिवार को घटकर 367 रह गया। यानी प्रदूषण के स्तर में मामूली सुधार जरूर हुआ, लेकिन राजधानी के कई इलाकों में स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। शनिवार को दिल्ली के 59 निगरानी केंद्रों से आंकड़े दर्ज किए गए। इनमें से 17 केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में रही। वहीं, 38 केंद्रों पर AQI 'बहुत खराब' दर्ज किया गया। तीन केंद्रों पर हवा 'खराब' और एक केंद्र पर 'मध्यम' श्रेणी में रही। इन आंकड़ों से पता चलता है कि औसत AQI में थोड़ी गिरावट के बावजूद दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में प्रदूषण का असर बना हुआ है।

प्रदूषण में सबसे ज्यादा योगदान परिवहन क्षेत्र का

दिल्ली की हवा को खराब करने वाले कारणों में परिवहन क्षेत्र सबसे आगे रहा। डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (DSS) के आकलन के अनुसार, शनिवार को राजधानी के प्रदूषण में परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी 20.5 प्रतिशत रही। इस दिन PM 10 प्रमुख प्रदूषक के रूप में दर्ज किया गया। हवा में मौजूद ये छोटे कण प्रदूषण की स्थिति को और खराब कर सकते हैं। ऐसे में वाहनों से निकलने वाला धुआं राजधानी की वायु गुणवत्ता के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

बारिश के बाद कितनी मिलेगी राहत?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण हवा में मौजूद प्रदूषक कण नीचे बैठ सकते हैं, जिससे AQI में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है। हालांकि, यह राहत कितनी होगी, इसका पता मौसम में बदलाव और उसके बाद दर्ज होने वाले प्रदूषण के आंकड़ों से ही चलेगा। फिलहाल दिल्लीवासियों को खराब हवा से पूरी तरह राहत मिलने के संकेत नहीं हैं।