नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा है। इस दौरे को भारत और नेपाल के रिश्तों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। इसकी वजह सिर्फ दोनों प्रधानमंत्रियों की मुलाकात नहीं, बल्कि आने वाले समय में दोनों देशों के बीच व्यापार, रोजगार, ऊर्जा और कनेक्टिविटी को लेकर बनने वाली नई संभावनाएं भी हैं।
रविवार (22 नवंबर) को भारत पहुंचने पर शाह का स्वागत केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने किया। इसके बाद उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की। जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि भारत नेपाल के साथ अपनी विशेष मित्रता को बेहद महत्व देता है।
पहली बार आमने-सामने होंगे मोदी और बालेन शाह
सोमवार यानी आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह की मुलाकात होनी है। दोनों नेता पहले फोन पर बातचीत कर चुके हैं, लेकिन प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली आमने-सामने की बैठक होगी। इस मुलाकात में भारत की मदद से पूरी हुई ऊर्जा और कनेक्टिविटी परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा सकता है। साथ ही कुछ नई परियोजनाओं की नींव रखे जाने और कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की भी उम्मीद है। इस दौरे में अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल संपर्क का प्रस्ताव भी खास चर्चा में है। अगर इस परियोजना को मंजूरी मिलती है तो भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ लोगों की आवाजाही को भी बढ़ावा मिल सकता है।
नेपाल ने भारत से मांगा 2 अरब डॉलर का आर्थिक पैकेज
इस यात्रा में नेपाल की आर्थिक जरूरतें भी बड़ा मुद्दा हैं। नेपाल ने भारत के सामने करीब 2 अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज की मांग रखी है। इसमें अगस्त में भोटे कोशी इलाके में आई अचानक बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए 1 अरब डॉलर की सहायता शामिल है। इसके अलावा नेपाल चाहता है कि काठमांडू-महेंद्रनगर एयर कॉरिडोर को दोनों दिशाओं में उड़ानों के लिए खोला जाए। अभी इस मार्ग से नेपाल से बाहर जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को ही अनुमति मिलती है।
शाह के साथ 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। इसमें नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल, वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, वरिष्ठ अधिकारी और कारोबारी प्रतिनिधि शामिल हैं। दौरे के दौरान नेपाल-भारत बिजनेस फोरम भी आयोजित किया जाएगा। इसके जरिए नेपाल भारत से ज्यादा निवेश आकर्षित करने की कोशिश करेगा।
भारत और नेपाल को इस दौरे से क्या फायदा होगा?
नेपाल को आर्थिक मदद और निवेश मिलने की उम्मीद
नेपाल की अर्थव्यवस्था के लिए भारत काफी अहम साझेदार है। अगर भारत आर्थिक सहायता और निवेश बढ़ाता है तो नेपाल को बाढ़ प्रभावित इलाकों के पुनर्निर्माण, सड़क, रेलवे और दूसरी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
भारत को मिलेगा व्यापार और कनेक्टिविटी का फायदा
नेपाल भारत के लिए सिर्फ पड़ोसी देश नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण व्यापारिक साझेदार भी है। दोनों देशों के बीच बेहतर रेल, सड़क और हवाई संपर्क होने से सामान की आवाजाही आसान होगी। इससे भारतीय कारोबारियों को नेपाल के बाजार तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और व्यापार की लागत भी कम हो सकती है।
बिजली के क्षेत्र में दोनों देशों की साझेदारी मजबूत होगी
नेपाल में जलविद्युत उत्पादन की काफी संभावनाएं हैं, जबकि भारत को लगातार बढ़ती बिजली की मांग पूरी करनी है। दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग बढ़ने से नेपाल भारत को ज्यादा बिजली बेच सकता है। इससे नेपाल को विदेशी मुद्रा मिलेगी और भारत को बिजली के अतिरिक्त स्रोत मिलेंगे।
अयोध्या-जनकपुर रेल लिंक से पर्यटन को बढ़ावा
अयोध्या भगवान राम की जन्मभूमि और जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। दोनों शहरों के बीच रेल संपर्क बनने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है। भारतीय श्रद्धालुओं के लिए जनकपुर पहुंचना आसान होगा, वहीं नेपाल से भी लोग अयोध्या आ सकेंगे। इससे दोनों तरफ होटल, परिवहन और छोटे कारोबार से जुड़े लोगों को फायदा हो सकता है।
चीन के बीच भारत के लिए भी अहम है नेपाल
नेपाल की भौगोलिक स्थिति भारत के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। नेपाल में चीन का आर्थिक और बुनियादी ढांचे से जुड़ा प्रभाव भी बढ़ा है। ऐसे में भारत की कोशिश होगी कि नेपाल के साथ भरोसे और विकास पर आधारित रिश्ते मजबूत बने रहें। हालांकि, नेपाल अपनी विदेश नीति में भारत और चीन दोनों के साथ संतुलन बनाकर चलना चाहता है।
क्या हैं इस दौरे के बड़े मायने?
बालेन शाह की भारत यात्रा को सिर्फ एक औपचारिक कूटनीतिक मुलाकात के तौर पर नहीं देखना चाहिए। इसके पीछे दोनों देशों के अपने-अपने आर्थिक और रणनीतिक हित हैं। नेपाल को विकास के लिए निवेश, आर्थिक सहायता, बेहतर हवाई संपर्क और बिजली के बड़े बाजार की जरूरत है। वहीं भारत चाहता है कि उसके पड़ोस में स्थिरता बनी रहे, व्यापार बढ़े और ऊर्जा तथा परिवहन के क्षेत्र में सहयोग मजबूत हो।
अगर इस दौरे में प्रस्तावित परियोजनाओं और समझौतों पर ठोस सहमति बनती है तो इसका फायदा सिर्फ सरकारों तक सीमित नहीं रहेगा। आम लोगों को बेहतर परिवहन, व्यापार के नए अवसर, रोजगार और पर्यटन के रूप में इसका लाभ मिल सकता है।