तमिलनाडु: तिरुचिरापल्ली जिले में थुरैयूर-मुसिरी हाईवे पर एक बड़ा हादसा हो गया है। जहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भयानक था कि कार में सवार 8 लोगों की मौत हो गई। जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे सभी
तिरुचिरापल्ली जिले के कोथुरपट्टी फोर रोड के पास जंबुनाथपुरम थाना क्षेत्र में हुआ एक कार हादसे का शिकार हो गई। कार में सवार सभी लोग नमक्कल जिले के एरुमापट्टी में एक समारोह में शामिल होने के बाद तंजावुर जिले के थिरुकाट्टुपल्ली लौट रहे थे।
5 की मौके पर हुई थी मौत
वाहन चालक ने अचानक से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सड़क किनारे नीम के पेड़ से जा टकराई। हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दो घायल लोगों का इलाज जारी है।
बेहतर इलाज का सीएम ने दिया निर्देश
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख जताते हुए घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।