Arunachal Pradesh Attack: अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास मंगलवार सुबह असम राइफल्स की पेट्रोलिंग टीम पर संदिग्ध उग्रवादियों ने हमला कर दिया। हमले में 21 असम राइफल्स के एक जवान की मौत हो गई, जबकि चार अन्य जवान घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बलों ने सर्च और कॉम्बिंग ऑपरेशन तेज कर दिया है।
सुबह करीब 6:30 बजे हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, हमला चांगलांग जिले के नामपोंग सर्कल में नामपोंग नाला के पास सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। 21 असम राइफल्स के जवान भारत-म्यांमार सीमा के पास नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पेट्रोलिंग टीम पर अचानक गोलीबारी की गई। यह इलाका उस क्षेत्र में आता है जहां सीमा पर बाड़ लगाने का काम भी चल रहा है। हमले में 42 वर्षीय हवलदार जानखोकाई कुकी की मौत हो गई। चार अन्य जवान घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
NSCN-K-YA पर शक, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
शुरुआती जानकारी में हमले के पीछे NSCN-K-YA (युंग आंग गुट) के कैडरों के होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, हमलावरों की पहचान और हमले में उनकी भूमिका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कुछ रिपोर्टों में अन्य उग्रवादी गुटों का भी उल्लेख किया गया है।
हमले के बाद सर्च ऑपरेशन तेज
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। जंगलों, नालों और भारत-म्यांमार सीमा से जुड़े रास्तों की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की पहचान और उनके हमले के बाद भागने की दिशा का पता लगाने में जुटी हैं। चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा का यह इलाका सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। घने जंगल और दुर्गम पहाड़ी इलाकों के कारण यहां सुरक्षा बलों के लिए निगरानी चुनौतीपूर्ण रहती है।
असम राइफल्स ने जवान को दी श्रद्धांजलि
असम राइफल्स ने हवलदार जानखोकाई कुकी के बलिदान पर श्रद्धांजलि व्यक्त की है। बल की ओर से कहा गया कि जवान ने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। असम राइफल्स ने शहीद जवान के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा बल उनके परिवार के साथ खड़ा है। घटना के बाद भारत-म्यांमार सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच और हमलावरों की तलाश में जुटी हैं।
और पढ़ें:
SIR पर सियासी घमासान, 728 में 727 वोटर नाम हटने के राहुल गांधी के दावे पर विपक्ष ने घेरा EC