नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत से ड्रग्स के कारोबार को खत्म करने के लिए 31 दिसंबर 2029 की समयसीमा तय की है। मंगलवार को नई दिल्ली में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए शाह ने कहा कि देश में नशे के खिलाफ लड़ाई को अब निर्णायक रूप देना होगा।
गृह मंत्रालय के मुताबिक, शाह ने कहा कि 'विजन डॉक्यूमेंट 2026-2029' में ड्रग्स के खिलाफ अभियान के लक्ष्य और उनकी समयसीमा तय की गई है। यह दस्तावेज 35 से अधिक विभागों के साथ चर्चा के बाद तैयार किया गया है और इसकी समय-समय पर समीक्षा भी की जाएगी।
एक ग्राम भी ड्रग्स देश में नहीं आना चाहिए
अमित शाह ने कहा कि ड्रग्स की समस्या आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को खोखला कर रही है। इसे खत्म करना सभी की साझा जिम्मेदारी और संकल्प होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि दुनिया के किसी भी हिस्से से एक ग्राम भी ड्रग्स भारत में प्रवेश न करे और भारत से भी एक ग्राम ड्रग्स दुनिया के किसी हिस्से में न जाए।
अब सिर्फ बरामदगी नहीं, पूरे नेटवर्क को खत्म करना होगा
गृह मंत्री ने कहा कि अब सिर्फ ड्रग्स की बरामदगी तक सीमित रहने के बजाय पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने पर जोर देना होगा। इसके लिए पीछे और आगे की कड़ी की जांच के साथ-साथ वित्तीय जांच और डिजिटल लिंक को ट्रैक करना भी जरूरी है।
उन्होंने सिंथेटिक ड्रग्स, प्रीकर्सर केमिकल्स की डायवर्जन, नई कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी, डार्कनेट, क्रिप्टोकरेंसी, ड्रग मार्केट, डेड-ड्रॉप डिलीवरी सिस्टम और अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क जैसी उभरती चुनौतियों का भी जिक्र किया।
स्कूल से लेकर सरकार तक सबको एक दिशा में काम करना होगा
अमित शाह ने कहा कि अब तक जो कुछ किया गया है, वह पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि स्कूल के प्रिंसिपल, गांव के पटवारी, पुलिस थाने के PSI, DGP, राज्य के मुख्य सचिव और केंद्र सरकार के गृह सचिव तक सभी को एक दिशा में काम करना होगा, तभी सफलता हासिल की जा सकेगी।
उन्होंने हर राज्य में ऐसे अधिकारियों की टीम बनाने का सुझाव दिया, जो 'आउट ऑफ द बॉक्स' सोचकर काम करें और सफल रणनीतियों को पूरे देश में लागू किया जाए।
46,780 'नशामुक्त मित्र' अब तक जुड़े
विजन डॉक्यूमेंट में 1 लाख नशामुक्त मित्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। गृह मंत्रालय के अनुसार, विभिन्न मंत्रालयों के माध्यम से अब तक 46,780 नशामुक्त मित्र पंजीकृत किए जा चुके हैं और वे काम कर रहे हैं। आने वाले दिनों में नशामुक्त मित्र देशभर के 10 लाख स्कूलों, कॉलेजों और संस्थानों तक पहुंचकर युवाओं को नशे के खतरे के प्रति जागरूक करेंगे और संस्थानों के प्रमुखों को भी संवेदनशील बनाएंगे।
अमित शाह ने कहा कि तीसरा ANTF सम्मेलन अब तक बनाए गए रोडमैप को निर्णायक कार्रवाई में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस बार लक्ष्य, समयसीमा और जवाबदेही तय करके आगे बढ़ने पर जोर रहेगा।