उज्जैन: उज्जैन में शाही मस्जिद के एक हिस्से को सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाए जाने के बाद विवाद बढ़ गया है। सोमवार को कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई और पथराव के बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इसी बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मामले पर प्रतिक्रिया दी है।
अखिलेश यादव ने मुस्लिम समुदाय से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा, “हमारे मुसलमान धैर्य रखें, अधिकार छीनने वालों को संविधान सजा देगा।” उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए यह भी कहा कि सबसे ज्यादा अवैध इमारत बीजेपी के पास है। अखिलेश का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है।
सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाया गया मस्जिद का हिस्सा
दरअसल, उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसी परियोजना के तहत शाही मस्जिद का वह हिस्सा हटाया जा रहा है, जो प्रस्तावित सड़क के दायरे में आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक सड़क को 15 मीटर तक चौड़ा करने की योजना है। प्रशासन का कहना है कि पूरी मस्जिद को नहीं हटाया जा रहा, बल्कि सड़क की जद में आने वाला हिस्सा ही हटाया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान क्यों बिगड़ा माहौल?
मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की प्रक्रिया शुरू होने के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। विरोध के बीच पुलिस और लोगों के बीच तनाव बढ़ा और पुलिस पर पथराव किया गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़ को वहां से हटाया। पुलिस के मुताबिक कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिस ने मामले में 15 लोगों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी है। साथ ही हिंसा और उपद्रव को लेकर कई FIR दर्ज की गई हैं। प्रशासन की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील भी की गई है।
कोर्ट में भी पहुंचा था मामला
शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने का मामला पहले अदालत भी पहुंचा था। सोमवार को मस्जिद पक्ष की ओर से नगर निगम के साथ हुए समझौते की जानकारी मध्य प्रदेश हाईकोर्ट को दी गई, जिसके बाद इस मामले से जुड़ी दो अपीलों का निपटारा कर दिया गया।
इधर, उज्जैन में तनाव के बीच प्रशासन और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। शहर काजी और अधिकारियों ने भी लोगों से शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचने की अपील की है।