PM Modi Inaugurate 5 Major Projects: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अक्टूबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लद्दाख में करीब 3,350 करोड़ रुपये की लागत वाले पांच प्रमुख विकास प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री लोगों को संबोधित भी करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य लद्दाख में कनेक्टिविटी मजबूत करना, ऊर्जा सुविधाओं का विस्तार करना, सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और जल सुरक्षा को बढ़ावा देना है।

लेह एयरपोर्ट पर बनेगा आधुनिक पैसेंजर टर्मिनल

प्रधानमंत्री लेह स्थित कुशोक बकुला रिम्पोछे एयरपोर्ट पर 640 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नए पैसेंजर टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। 23,800 वर्ग मीटर में फैला यह टर्मिनल सालाना 35 लाख यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा। इसमें जियोथर्मल एनर्जी जैसी तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे ऊर्जा दक्षता बढ़ाने और कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद मिलेगी।

298 किलोमीटर लंबी सड़क से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

प्रधानमंत्री बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) की ओर से बनाई गई 298 किलोमीटर लंबी निम्मू-पदुम-दारचा सड़क देश को समर्पित करेंगे। यह सड़क जांस्कर घाटी के रास्ते लेह को हिमाचल प्रदेश के दारचा से जोड़ेगी। इससे सेना की आवाजाही और लॉजिस्टिक सुविधाएं बेहतर होंगी। साथ ही स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और बाजारों तक पहुंचने में आसानी होगी।

ऊर्जा और सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा संरक्षण

लद्दाख की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए 9 मेगावाट की हनु स्मॉल हाइड्रोइलेक्ट्रिक परियोजना और 66 केवी की दाह-हनु-खलत्सी ट्रांसमिशन लाइन का उद्घाटन किया जाएगा। इससे बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ेगी।

वहीं, लेह के सिंधु घाट में भारत के पहले पेट्रोग्लिफ संरक्षण पार्क की शुरुआत होगी। इसका उद्देश्य प्राचीन शैलचित्रों को सुरक्षित रखना और विरासत पर्यटन को बढ़ावा देना है।

40 गांवों में जल संरक्षण की पहल

प्रोजेक्ट हिम सरोवर के तहत 40 गांवों में तैयार 40 जल निकायों का भी उद्घाटन होगा। इनसे बर्फ पिघलने के मौसम में उपलब्ध पानी को संरक्षित कर जरूरत के समय इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे सिंचाई, कृषि और किसानों की आजीविका को सहारा मिलेगा तथा लद्दाख में दीर्घकालिक जल सुरक्षा मजबूत होगी।

ये भी पढ़ें: अर्जुन बिजलानी की पत्नी की T-Shirt पर 'अल्लाह' देख भड़कीं पाक एक्ट्रेस, बोलीं- तुम्हें शर्म नहीं आती!