मुंबई: अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने प्रेग्नेंसी के बाद बढ़े वजन को लेकर सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। अभिनेत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से कुछ अनजान सोशल मीडिया यूजर्स उन्हें उनके वजन को लेकर लगातार निशाना बना रहे हैं।
बेटी के जन्म के बाद स्वरा के वजन में बढ़ोतरी
स्वरा भास्कर और उनके पति फहाद अहमद ने 23 सितंबर 2023 को अपनी बेटी राबिया का स्वागत किया था। बेटी के जन्म के बाद स्वरा के वजन में बदलाव आया, जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर बॉडी शेमिंग का सामना करना पड़ा।
शनिवार को शो 'राइज एंड फॉल' में नजर आईं स्वरा ने ट्रोल्स को जवाब देने के लिए एक साड़ी पहनी, जिसके ब्लाउज पर 'मोटी' लिखा हुआ था। इस अंदाज के जरिए उन्होंने अपने शरीर को लेकर की जा रही टिप्पणियों का जवाब दिया।
सोशल मीडिया पर उनके शरीर को लेकर ट्रोल
शो के दौरान स्वरा ने कहा कि उनकी बेटी अब तीन साल की है और इतने समय से अनजान लोग सोशल मीडिया और अन्य जगहों पर उन्हें उनके शरीर को लेकर ट्रोल कर रहे हैं।
अभिनेत्री ने ट्रोलिंग का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें 'मोटी', 'भैंस', 'गाय', 'हिप्पो' और 'हाथी' जैसे शब्दों से संबोधित किया गया। स्वरा ने कहा कि अब उन्होंने इन शब्दों को स्वीकार कर लिया है और इन्हें अपने ऊपर हावी नहीं होने देंगी।
स्वरा ने कहा, “मैंने कहा कि मैं सब हो गई हूं। अब मैं आप लोगों की इन सारी टर्मिनोलॉजी को स्वीकार करके अपना रही हूं।”
स्वरा भास्कर 'तनु वेड्स मनु', 'रांझणा' और 'अनारकली ऑफ आरा' जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। अभिनेत्री सोशल मीडिया पर सामाजिक और व्यक्तिगत मुद्दों को लेकर भी अपनी राय व्यक्त करती रही हैं।
यह भी पढ़ें: जब PM मोदी के सामने गूंजा ‘Hanuman Ansh’ का ‘Parvati’ सॉन्ग, डायरेक्टर ने सुनाया पूरा किस्सा