नई दिल्ली: सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन-फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म को लेकर रिलीज से पहले काफी चर्चा थी, क्योंकि इसमें लोककथा, माइथोलॉजी, फैंटेसी और सुपरनेचुरल कहानी को एक साथ दिखाया गया है। अब फिल्म के पहले दिन के बॉक्स ऑफिस आंकड़े भी सामने आ गए हैं।
पहले दिन कितना रहा कलेक्शन?
शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक ‘द वन-फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ ने रिलीज के पहले दिन भारत में करीब 8 करोड़ रुपये नेट का कलेक्शन किया। फिल्म की कुल ऑक्यूपेंसी करीब 26 फीसदी रही। ये आंकड़े शुरुआती बॉक्स ऑफिस ट्रैकिंग पर आधारित हैं और इनमें बदलाव संभव है।
फिल्म ने शुक्रवार को कुल 6,746 शोज के साथ सिनेमाघरों में दस्तक दी। NCR, मुंबई, पुणे और हैदराबाद जैसे शहरों में भी फिल्म के शोज में दर्शकों की मौजूदगी दर्ज की गई।
दूसरे दिन बढ़ी कमाई की उम्मीद
फिल्म का दूसरा दिन शनिवार है और वीकेंड का फायदा इसे मिल सकता है। 26 सितंबर की सुबह तक सामने आए एडवांस बुकिंग आंकड़ों के मुताबिक दूसरे दिन के लिए फिल्म ने करीब 4.03 करोड़ रुपये की ग्रॉस एडवांस बुकिंग दर्ज की थी। हालांकि यह अंतिम दिन का कलेक्शन नहीं है और दिन खत्म होने के बाद वास्तविक आंकड़ा अलग हो सकता है।
फिल्म की कहानी भारतीय लोककथाओं और एक रहस्यमयी जंगल के इर्द-गिर्द घूमती है। सिद्धार्थ मल्होत्रा फिल्म में ऋषि के किरदार में हैं, जबकि तमन्ना भाटिया ममता के रोल में नजर आती हैं। कहानी में छठ पूजा और वन देवी से जुड़े पहलुओं को भी शामिल किया गया है।
कैसी है फिल्म की कहानी?
‘द वन’ की कहानी एक ऐसे परिवार से जुड़ी है, जो एक रहस्यमयी जंगल और उससे जुड़ी पुरानी मान्यताओं के बीच फंस जाता है। फिल्म में देववन को एक पवित्र जंगल के तौर पर दिखाया गया है, जहां सूर्यास्त के बाद जाने की मनाही है। इसके बाद कहानी में अलौकिक घटनाओं का सिलसिला शुरू होता है।
फिल्म का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। इसमें सिद्धार्थ और तमन्ना के अलावा सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल और श्वेता तिवारी भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिलहाल फिल्म की नजर वीकेंड कलेक्शन पर है। शनिवार और रविवार की कमाई से पता चलेगा कि दर्शकों के बीच फिल्म कितनी पकड़ बना पाती है।
यह भी पढ़ें: UP Election 2027: इमरान मसूद-अमीर आलम की जुगलबंदी से पश्चिमी यूपी में बदलेगा समीकरण? इकरा हसन से बढ़ी सियासी टक्कर