Entertainment News: पंजाबी सिंगर और कलाकार सतिंदर सरताज अपने नए गाने ‘Guzarish’ के साथ एक बार फिर संगीत प्रेमियों के बीच पहुंचे हैं। गाने को सतिंदर सरताज ने खुद लिखा, कंपोज किया और अपनी आवाज दी है। उनकी खास शायरी और संगीत की मिठास ‘Guzarish’ में भी साफ सुनाई देती है।

यह गाना सूफी संगीत की गहराई और रोमांस की नर्मी को एक साथ पेश करता है। ‘Guzarish’ उस एहसास को बयां करता है, जब किसी खास इंसान की मौजूदगी या उससे मिलने की सिर्फ एक ख्वाहिश ही दिल में सुकून और खुशी भर देती है।

प्यार में डूबा नजर आया वीडियो
‘Guzarish’ के म्यूजिक वीडियो का निर्देशन संदीप शर्मा ने किया है। वीडियो में पुराने दौर की शाही और क्लासिक दुनिया की झलक दिखाई गई है। इसका विजुअल ट्रीटमेंट रॉयल और एलिगेंट रखा गया है, जो गाने के रोमांटिक मूड को और खूबसूरत बनाता है। वीडियो में सतिंदर सरताज एक खूबसूरत महिला की ओर आकर्षित होते नजर आते हैं। उनके मन में धीरे-धीरे पनपता प्यार और उस महिला के लिए उनका लगाव उनकी परफॉर्मेंस के जरिए सामने आता है।

‘Guzarish’ को लेकर क्या बोले सतिंदर सरताज?
गाने के बारे में सतिंदर सरताज ने कहा कि ‘Guzarish’ उस बेहद सरल लेकिन खूबसूरत भावना के बारे में है, जब इंसान अपने पसंदीदा व्यक्ति को देखने या उससे मिलने की इच्छा रखता है।

उन्होंने कहा कि कई बार सिर्फ किसी खास इंसान से मिलने का ख्याल ही दिल को खुशी से भर देता है। इसी भावना को उन्होंने गाने की धुन और भावनाओं के जरिए ईमानदारी से पेश करने की कोशिश की है। सरताज के मुताबिक संगीत की खूबसूरती यही है कि हर श्रोता उसे अपनी यादों और भावनाओं से जोड़ सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘Guzarish’ सुनने वालों के दिल में गर्माहट पैदा करेगा और उनकी अपनी प्रेम कहानी का हिस्सा बनेगा।

T-Series के YouTube चैनल पर उपलब्ध है गाना
‘Guzarish’ का म्यूजिक वीडियो T-Series के YouTube चैनल पर रिलीज किया गया है। सतिंदर सरताज के फैंस उनके इस नए रोमांटिक-सूफी ट्रैक को सुन सकते हैं।