Ram Bola Movie: ‘हनुमान अंश’ के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने अपनी अगली फिल्म का ऐलान कर दिया है। फिल्म का नाम ‘राम बोला’ है और इसकी कहानी संत एवं कवि गोस्वामी तुलसीदास के जीवन पर आधारित होगी। फिल्म की घोषणा के साथ ही इसके निर्माताओं ने एक बड़ा संकल्प भी लिया है।
फिल्म के प्रोड्यूसर महावीर जैन और अमित उपाध्याय ने कहा है कि वे ‘राम बोला’ से होने वाली अपनी निजी कमाई और बचत का 100 फीसदी हिस्सा सेवा कार्यों में लगाएंगे। यह फैसला ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़ने के तहत लिया गया है।
‘राम बोला’ की कमाई को लेकर क्या है संकल्प?
‘राम बोला’ की घोषणा के बाद ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने सोशल मीडिया पर इस पहल की जानकारी साझा की। उनके मुताबिक, फिल्म के प्रोड्यूसर महावीर जैन और अमित उपाध्याय अपनी निजी कमाई और बचत का 100 फीसदी हिस्सा जरूरतमंदों की मदद और सेवा कार्यों के लिए समर्पित करेंगे।मेकर्स ने इसे सेवा और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी से जोड़ा है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से की गई ‘सेवा संकल्प’ की अपील से प्रेरित बताई गई है।इस अभियान से इससे पहले बॉलीवुड के कई कलाकार भी जुड़ चुके हैं। रणवीर सिंह ने 1000 बेटियों की पढ़ाई में मदद करने का संकल्प लिया है। वहीं रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की ओर से 20 स्कूलों के नवनिर्माण की बात कही गई है।
गणेश चतुर्थी पर हुआ था फिल्म का ऐलान
‘राम बोला’ का ऐलान गणेश चतुर्थी के मौके पर किया गया था। फिल्म की कहानी लिखने के साथ-साथ इसका निर्देशन भी विशाल चतुर्वेदी ही करेंगे।फिल्म में गोस्वामी तुलसीदास के जीवन और उनसे जुड़ी कहानी को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा। फिल्म की घोषणा करते हुए विशाल चतुर्वेदी ने इसे तुलसीदास की ‘अमर कहानी’ बताया था।‘हनुमान अंश’ के बाद विशाल की यह दूसरी बड़ी पौराणिक-आध्यात्मिक फिल्म होगी। इसके चलते फिल्म को लेकर अभी से दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ी हुई है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़े रणवीर सिंह
‘राम बोला’ के निर्माताओं का यह ऐलान ऐसे समय में हुआ है जब बॉलीवुड की कई हस्तियां सेवा से जुड़ी घोषणाएं कर रही हैं।हाल ही में रणवीर सिंह ने लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान ‘सेवा संकल्प अभियान’ का समर्थन किया था। उन्होंने 1000 बेटियों की पढ़ाई में मदद करने का संकल्प लिया। रणवीर ने इसे गणेश चतुर्थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके से जोड़ते हुए सेवा कार्य करने की बात कही थी।
‘हनुमान अंश’ का सीक्वल भी पाइपलाइन में
विशाल चतुर्वेदी सिर्फ ‘राम बोला’ पर ही काम नहीं कर रहे हैं। ‘हनुमान अंश’ के सीक्वल को लेकर भी काम चल रहा है। यानी आने वाले समय में निर्देशक की फिल्मों में पौराणिक और आध्यात्मिक कहानियों का सिलसिला जारी रहने वाला है।
2 करोड़ के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने की बड़ी कमाई
‘हनुमान अंश’ की कमाई की बात करें तो फिल्म करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी बताई गई है। फिल्म ने 44 दिनों में दुनियाभर में 329.30 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। भारत में इसका नेट कलेक्शन 258.13 करोड़ रुपये बताया गया है।फिल्म की कमाई उसके कथित बजट से कई गुना ज्यादा है। इसी सफलता के बाद अब विशाल चतुर्वेदी की अगली फिल्म ‘राम बोला’ पर भी लोगों की नजर है। हालांकि फिल्म की रिलीज डेट और स्टारकास्ट को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।