केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) की गाइडलाइंस में बदलाव करते हुए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। करीब 35 साल बाद सेंसर बोर्ड से जुड़ी इन गाइडलाइंस को अपडेट किया गया है। इससे पहले वर्ष 1991 में इनके लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए थे।

नई गाइडलाइंस में पुराने प्रावधान बरकरार

नई गाइडलाइंस में ज्यादातर पुराने प्रावधानों को बरकरार रखा गया है, लेकिन नार्कोटिक्स ड्रग्स और साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस से जुड़े कंटेंट को लेकर एक नया प्रावधान जोड़ा गया है।

ड्रग्स से जुड़े दृश्यों पर देना होगा डिस्क्लेमर

नई व्यवस्था के तहत फिल्मों में अगर नार्कोटिक्स ड्रग्स या साइकोट्रॉपिक पदार्थों के सेवन, इस्तेमाल अथवा तस्करी से संबंधित दृश्य दिखाए जाते हैं, तो उनके साथ एक अनिवार्य चेतावनी प्रदर्शित करनी होगी।

ड्रग्स सीन पर दिखेगी अनिवार्य चेतावनी

इस चेतावनी में दर्शकों को बताया जाएगा कि अवैध नशीले पदार्थ स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हैं और इनके इस्तेमाल या संबंधित अपराधों में जेल की सजा हो सकती है, साथ ही लोगों से ड्रग्स से दूर रहने की अपील की जाएगी।

1991 की गाइडलाइंस में क्या था प्रावधान?

करीब तीन दशक पहले जारी की गई 1991 की गाइडलाइंस में ड्रग एडिक्शन को लेकर अलग प्रावधान था। उस समय फिल्मों में नशीली दवाओं की लत को महिमामंडित करने या उसे सही ठहराने वाले दृश्यों को दिखाने से रोकने की बात कही गई थी। नई गाइडलाइंस में इसी विषय पर चेतावनी को एक स्पष्ट और अनिवार्य तत्व के तौर पर जोड़ा गया है।

एज सर्टिफिकेशन में भी जोड़े गए नए मार्कर

CBFC की नई गाइडलाइंस में उम्र के आधार पर दर्शकों के लिए तीन नए मार्कर भी शामिल किए गए हैं। इनमें UA 7+, UA 13+ और UA 16+ शामिल हैं। इन कैटेगरी के तहत संबंधित उम्र से कम आयु के बच्चों को फिल्म दिखाते समय माता-पिता या अभिभावकों की निगरानी की सलाह दी जाएगी।

प्रमोशनल मटेरियल में साफ दिखेंगे एज मार्कर्स

CBFC के चेयरपर्सन शशि शेखर वेम्पति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एज मार्कर्स को लेकर कहा कि फिल्म निर्माताओं को प्रमोशनल मटेरियल में इन मार्कर्स को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना चाहिए। इससे दर्शक फिल्म देखने से पहले यह समझ सकेंगे कि वह किस आयु वर्ग के लिए प्रमाणित है।

हिंसा और अन्य पुराने प्रावधानों में बड़ा बदलाव नहीं

नई गाइडलाइंस में हिंसा, अश्लीलता, यौन हिंसा, सांप्रदायिक विषयों, राष्ट्रीय सुरक्षा, सार्वजनिक व्यवस्था और फिल्म प्रमाणन से जुड़े अन्य मौजूदा प्रावधानों को जारी रखा गया है। इस तरह नई गाइडलाइंस में मुख्य रूप से कुछ नए प्रावधान जोड़े गए हैं, जबकि पहले से लागू कई नियमों को बरकरार रखा गया है।

CBFC के नए बोर्ड में शामिल किए गए सदस्य

गाइडलाइंस में बदलाव से पहले केंद्र सरकार ने CBFC के नए बोर्ड का भी ऐलान किया था। 18 सदस्यों वाले इस बोर्ड में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई चर्चित नामों को शामिल किया गया है।

नए बोर्ड में शामिल सभी सदस्यों की पूरी सूची इस प्रकार है...

 

क्रम संख्या नाम
1 मनोज जोशी
2 सुनील शेट्टी
3 प्रीति जिंटा
4 पंकज त्रिपाठी
5 प्रसेनजीत चटर्जी
6 प्रियदर्शन
7 संगीतकार रिकी केज
8 विनोद अनुपम
9 अभिषेक जैन
10 हंसराज हंस
11 सुप्रिया यारलागड्डा
12 यतींद्र मिश्रा
13 रूपाली गांगुली
14 नीला माधब पांडा
15 पल्लवी जोशी
16 निशिगंधा वाड
17 वामन केंद्रे
18 रमेश पाटंगे