Neem Karoli Baba: नीम करौली बाबा की जीवनगाथा अब बड़े पर्दे के बाद छोटे पर्दे पर भी दिखाई देने वाली है। फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बीच Sony Entertainment ने नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित नए धारावाहिक का ऐलान किया है। मेकर्स ने सीरियल का पहला प्रोमो भी जारी कर दिया है।

इस नए शो को टीवी के साथ OTT प्लेटफॉर्म Sony LIV पर भी देखा जा सकेगा। हालांकि अभी तक सीरियल के नाम, कलाकारों और रिलीज डेट से जुड़ी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। प्रोमो के जरिए फिलहाल दर्शकों को इसकी पहली झलक दिखाई गई है।

प्रोमो में दिखा आध्यात्मिक और रहस्यमयी अंदाज

मेकर्स ने बुधवार को सोशल मीडिया पर शो का प्रोमो शेयर किया। इसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति नदी के किनारे चलते हुए नजर आते हैं। बैकग्राउंड में उनकी जिंदगी और उनसे जुड़ी कहानियों को लेकर वॉइसओवर सुनाई देता है।प्रोमो में कंबल ओढ़े यह व्यक्ति आसमान की तरफ हाथ उठाते दिखाई देते हैं। इसी दौरान भगवान हनुमान की छवि नजर आती है। कुछ ही सेकंड की इस झलक में शो का आध्यात्मिक और रहस्यमयी माहौल साफ दिखाई देता है।

Sony TV के साथ Sony LIV पर भी आएगा शो

नीम करौली बाबा पर तैयार किया जा रहा यह धारावाहिक Sony Entertainment Television पर प्रसारित किया जाएगा। इसके अलावा दर्शक इसे Sony LIV पर भी स्ट्रीम कर सकेंगे। यानी टीवी के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी शो को देखने का विकल्प मिलेगा।पहला प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रही हैं। कुछ यूजर्स ने उम्मीद जताई है कि शो में नीम करौली बाबा और उनसे जुड़ी धार्मिक घटनाओं को सही तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।

‘हनुमान अंश’ की सफलता के बीच हुआ ऐलान

नीम करौली बाबा पर यह सीरियल ऐसे समय में सामने आया है, जब उनकी जिंदगी से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ सिनेमाघरों में चर्चा में बनी हुई है। फिल्म ने दुनियाभर में 410 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है।फिल्म को 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। शुरुआत में इसे बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा दर्शक नहीं मिले और फिल्म को करीब 300 स्क्रीन पर रिलीज किया गया था। बाद में स्क्रीन की संख्या घटकर करीब 30 रह गई। हालांकि तीसरे हफ्ते से फिल्म की कमाई में तेजी देखने को मिली।55 दिन पूरे होने के बाद फिल्म की दुनियाभर की कमाई ₹410.75 करोड़ बताई गई है। इस दौरान इसका मुकाबला ‘बंटवारा 1947’, ‘आवारापन 2’ और ‘मिर्जापुर द मूवी’ जैसी फिल्मों से भी रहा।

‘हनुमान अंश’ की ट्राइलॉजी का भी हो चुका है जिक्र

मेकर्स पहले ही ‘हनुमान अंश’ को तीन फिल्मों की सीरीज यानी ट्राइलॉजी के तौर पर आगे बढ़ाने की बात कह चुके हैं। हालांकि इसके अगले पार्ट को लेकर अभी कोई ठोस आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।फिल्म की OTT रिलीज को लेकर भी अभी आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है। फिलहाल फिल्म सिनेमाघरों में चल रही है, इसलिए डिजिटल रिलीज से जुड़ी जानकारी का इंतजार है।

शुरुआत में फिल्म को लेकर परेशान थीं प्रोड्यूसर

‘हनुमान अंश’ की शुरुआती बॉक्स ऑफिस स्थिति को लेकर प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने एक इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म को शुरुआत में दर्शक नहीं मिल रहे थे। उन्होंने कहा था कि उनकी चिंता कमाई से ज्यादा इस बात को लेकर थी कि लोग फिल्म देखने नहीं पहुंच रहे थे।प्रोड्यूसर के मुताबिक, उन्होंने फिल्म में अपनी मेहनत की कमाई लगाई थी ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देखें और नीम करौली बाबा के बारे में जानें। शुरुआती दौर उनके लिए काफी मुश्किल रहा, लेकिन बाद में फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़ी और इसकी कमाई लगातार बढ़ती गई।