Kartik Aaryan wins National Award for Best Actor: 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन मंगलवार को गुजरात के केवडिया स्थित एकता नगर में किया गया। इस खास समारोह में बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन को फिल्म 'चंदू चैंपियन' में शानदार अभिनय के लिए बेस्ट एक्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कार्तिक आर्यन को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया। अवॉर्ड लेते हुए अभिनेता ने खुशी जाहिर करते हुए सभी का धन्यवाद किया।

यह पहली बार था जब राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन नई दिल्ली से बाहर किया गया। समारोह का आयोजन स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास किया गया, जहां देशभर की फिल्मों और कलाकारों को उनके बेहतरीन योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

'चंदू चैंपियन' में कार्तिक आर्यन का दमदार प्रदर्शन

कबीर खान के निर्देशन में बनी फिल्म 'चंदू चैंपियन' एक प्रेरणादायक कहानी पर आधारित है। यह फिल्म भारत के पहले पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मुरलीकांत पेटकर के जीवन से प्रेरित है। फिल्म में कार्तिक आर्यन ने चंदू का किरदार निभाया, जो कठिन परिस्थितियों से लड़ते हुए सफलता हासिल करता है।

इस किरदार को पर्दे पर उतारने के लिए कार्तिक आर्यन ने जबरदस्त फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन किया था। उन्होंने एथलीट की बॉडी और ट्रेनिंग को समझने के लिए लंबे समय तक मेहनत की। फिल्म रिलीज होने के बाद उनके अभिनय की दर्शकों और फिल्म समीक्षकों ने जमकर तारीफ की थी।

'ममूटी' को भी मिला सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान

इस साल नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में अनुभवी अभिनेता 'ममूटी' को भी विशेष सम्मान मिला। उन्होंने मलयालम फिल्म 'ब्रह्मायुगम' में अपने शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीता। यह उनका चौथा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार है।

राहुल सदाशिवन के निर्देशन में बनी 'ब्रह्मायुगम' अपनी अनोखी कहानी और ब्लैक एंड व्हाइट विजुअल स्टाइल के लिए चर्चा में रही थी। फिल्म में 'ममूटी' ने 'कोडुमोन पोट्टी' का किरदार निभाया था, जिसे काफी सराहा गया।

कई फिल्मों ने जीते राष्ट्रीय पुरस्कार

नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स 2026 में अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों को भी सम्मानित किया गया। 'श्रीकांत' को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का पुरस्कार मिला, जबकि 'रायन' को सर्वश्रेष्ठ तमिल फिल्म चुना गया। वहीं 'फेमिनिची फातिमा' को सर्वश्रेष्ठ मलयालम फिल्म और 'समिति कुर्रोलु' को सर्वश्रेष्ठ तेलुगु फिल्म का अवॉर्ड दिया गया। 

इस साल के पुरस्कार समारोह में कलाकारों, निर्देशकों और फिल्मों की विविधता देखने को मिली, जहां भारतीय सिनेमा के अलग-अलग रंगों और प्रतिभाओं को सम्मान मिला।

ये भी पढ़ें: ड्रग्स के खिलाफ बड़ा एक्शन प्लान, अमित शाह की राज्यों से 'मिशन मोड' में काम करने की अपील