Antilia Ganesh Chaturthi 2026: मुंबई में गणेश चतुर्थी का जश्न हो और अंबानी परिवार का एंटीलिया सुर्खियों में न आए, ऐसा भला कैसे हो सकता है! सोमवार को एंटीलिया में गणपति बप्पा के स्वागत के लिए भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बॉलीवुड से लेकर क्रिकेट जगत तक की तमाम बड़ी हस्तियों ने शिरकत की। सितारों से सजी इस शाम में ग्लैमर, ट्रेडिशन और भक्ति का शानदार संगम देखने को मिला।

सलमान खान ने खींचा सबसे ज्यादा ध्यान

एंटीलिया के बाहर जैसे ही सलमान खान पहुंचे, पैपराजी के कैमरे उनकी तरफ घूम गए। भाईजान बेहद सिंपल लेकिन स्टाइलिश अंदाज में नजर आए। उन्होंने कैजुअल शर्ट और जींस में अपनी सादगी से ही महफिल लूट ली।

करीना-सैफ से रणबीर-आलिया तक पहुंचे स्टार कपल्स

करीना कपूर अपने पति सैफ अली खान और बच्चों तैमूर और जहांगीर के साथ गणपति सेलिब्रेशन में पहुंचीं। करीना पीले रंग के खूबसूरत सूट में बेहद ग्लैमरस नजर आईं। उनकी बहन करिश्मा कपूर भी इस खास मौके पर साथ दिखीं। 

वहीं रणबीर कपूर और आलिया भट्ट ने ट्रेडिशनल लुक में एंटीलिया पहुंचकर सबका ध्यान खींचा। दोनों की जोड़ी गणपति समारोह की खास झलकियों में शामिल रही।

कैटरीना-विक्की की जोड़ी ने भी बटोरी लाइमलाइट

कैटरीना कैफ और विक्की कौशल की एंट्री भी काफी चर्चा में रही। दोनों अपने खूबसूरत पारंपरिक अंदाज में नजर आए। इसके अलावा रणवीर सिंह अपने सिग्नेचर फैशन और एनर्जी के साथ पहुंचे, जबकि सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी ने भी कैमरों के सामने पोज दिए।

बॉलीवुड के दिग्गजों का लगा जमावड़ा

समारोह में जान्हवी कपूर, खुशी कपूर, अर्जुन कपूर, माधुरी दीक्षित और श्रीराम नेने, कृति सनोन, दिशा पटानी, करण जौहर, काजोल, अनिल कपूर, संजय दत्त, जैकी श्रॉफ, रेखा और बोमन ईरानी समेत कई सितारे शामिल हुए। वरुण धवन-नताशा दलाल और रितेश देशमुख-जेनेलिया डिसूजा भी सेलिब्रेशन का हिस्सा बने।

क्रिकेट सितारों ने भी बढ़ाई रौनक

सचिन तेंदुलकर, हरभजन सिंह और दीपक चाहर भी अपने परिवारों के साथ अंबानी परिवार के गणपति उत्सव में पहुंचे। वहीं गौरी खान अपनी मां के साथ समारोह में नजर आईं।

नीता अंबानी ने किया मेहमानों का स्वागत

होस्ट नीता अंबानी ने अपने खूबसूरत पारंपरिक लुक और स्टेटमेंट ज्वेलरी से सभी का ध्यान खींचा। उन्होंने एंटीलिया के बाहर मौजूद पैपराजी का भी गर्मजोशी से स्वागत किया। 

हर साल की तरह इस बार भी एंटीलिया की जगमगाती लाइटिंग, फूलों की भव्य सजावट और पारंपरिक मंदिर जैसी थीम ने गणेश उत्सव को खास बना दिया। बॉलीवुड और क्रिकेट की इतनी बड़ी स्टार-स्टडेड मौजूदगी ने इस समारोह को एक बार फिर मुंबई के सबसे चर्चित सेलिब्रेशन में शामिल कर दिया।