Article 370 Film: फिल्ममेकर आदित्य धर की फिल्म ‘आर्टिकल 370’ ने 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में तीन बड़े सम्मान अपने नाम किए हैं। फिल्म को बेस्ट फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला, जबकि अभिनेत्री यामी गौतम ने बेस्ट एक्ट्रेस और संगीतकार शाश्वत सचदेव ने बेस्ट म्यूजिक डायरेक्शन का अवॉर्ड जीता।

72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में फिल्म के लिए बेस्ट फीचर फिल्म का पुरस्कार निर्माता आदित्य धर ने प्राप्त किया। फिल्म का निर्देशन आदित्य सुहास जंभाले ने किया है। फिल्म में यामी गौतम धर और प्रियामणि मुख्य भूमिकाओं में हैं। वहीं अरुण गोविल और किरण करमरकर भी अहम किरदारों में नजर आए हैं।

पहली बार यामी गौतम को मिला नेशनल अवॉर्ड
यामी गौतम के लिए यह पल खास रहा, क्योंकि यह उनका पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार है। पुरस्कार लेने के लिए मंच पर पहुंचीं यामी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का पारंपरिक अंदाज में नमस्ते कर अभिवादन किया और उनसे पुरस्कार ग्रहण किया।

आदित्य धर ने जताया आभार
तीन राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने के बाद आदित्य धर ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर की। उन्होंने लिखा कि ‘आर्टिकल 370’ के लिए तीन राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना उनके लिए ऐसा पल है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।
उन्होंने कहा कि फिल्म बनाते समय उनका उद्देश्य पुरस्कार हासिल करना नहीं था, बल्कि ईमानदारी, साहस और पूरी गंभीरता के साथ कहानी दर्शकों तक पहुंचाना था। उन्होंने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की जूरी के साथ-साथ उन सभी दर्शकों का भी आभार जताया, जिन्होंने फिल्म को देखा, समर्थन दिया और उस पर चर्चा की।

‘आर्टिकल 370’ जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने से जुड़े घटनाक्रम की पृष्ठभूमि पर आधारित राजनीतिक ड्रामा है। फिल्म में यामी गौतम और प्रियामणि प्रमुख भूमिकाओं में नजर आई थीं।