मुंबई: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान को एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि मिलने जा रही है। सिंगापुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (SGIFF) के 37वें एडिशन में आमिर खान को ‘स्क्रीन आइकन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी वैरायटी की रिपोर्ट के पन्नों से सामने आई है।

इस सम्मान के साथ आमिर खान की बहुचर्चित फिल्म ‘लगान: वन्स अपॉन ए टाइम इन इंडिया’ की विशेष स्क्रीनिंग भी आयोजित की जाएगी। यह स्क्रीनिंग फिल्म की रिलीज के 25 साल पूरे होने के मौके पर होगी। फिल्म के डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर के भी फेस्टिवल में शामिल होने की उम्मीद है।

‘लगान’ के 25 साल पूरे होने का जश्न

साल 2001 में रिलीज हुई ‘लगान’ भारतीय सिनेमा की चर्चित फिल्मों में शामिल है। फिल्म में आमिर खान ने भुवन का किरदार निभाया था। फिल्म को आशुतोष गोवारिकर ने निर्देशित किया था और इसे ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर भी भेजा गया था।

सिंगापुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग इसके 25 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित की जाएगी, जिससे आमिर खान को मिलने वाले सम्मान के साथ यह आयोजन और खास हो जाएगा।

कोरे-एडा हिरोकाजू को मिलेगा सिनेमा मानद पुरस्कार

SGIFF में जापानी फिल्म निर्माता कोरे-एडा हिरोकाजू को भी सिनेमा मानद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस फेस्टिवल का एशियाई सिनेमा में लंबे समय तक योगदान के लिए दिया जाने वाला प्रमुख सम्मान है। फेस्टिवल के कार्यक्रम में उनकी फिल्म ‘लुक बैक’ की स्क्रीनिंग भी शामिल होगी।

दक्षिण कोरियाई फिल्म से होगी फेस्टिवल की शुरुआत

रिपोर्ट के अनुसार, SGIFF की शुरुआत दक्षिण कोरियाई थ्रिलर ‘द असैसिन(एस)’ से होगी। फिल्म का निर्देशन हुर जिन-हो ने किया है। इसमें यू हे-जिन, पार्क हे-इल और ली मिन-हो प्रमुख रूप से शामिल हैं। फिल्म के डायरेक्टर हुर जिन-हो के साथ आर्टिस्ट शिम यून-क्यूंग और पार्क सुंग-हून भी ओपनिंग प्रोग्राम में शामिल होंगे।

21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सिंगापुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल

सिंगापुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का 37वां एडिशन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस बार फेस्टिवल में 25 से ज्यादा सिंगापुर की फिल्में और को-प्रोडक्शन शामिल हैं, जिन्हें कान्स, सनडांस, टोरंटो, वेनिस और मेलबर्न जैसे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में पहचान मिल चुकी है।

फेस्टिवल इस बार युवा दर्शकों के लिए ‘जूनियर एक्सप्लोरर्स’ सेक्शन भी शुरू होगा। इसमें छोटे दर्शकों के लिए सेंसरी-फ्रेंडली स्क्रीनिंग होंगी और इसकी शुरुआत स्टॉप-मोशन फिल्म ‘ब्रेव कैट’ से होगी।

इसके अलावा ‘अंडरकरंट’ सेक्शन में लाइव स्क्रीनिंग भी देखने को मिलेगी। इनमें ताइवान की पपेट्री प्रस्तुति ‘कॉर्पोरियल फॉर्म्स: फोर स्टोरीज’, लाइव वीडियो गेमिंग वर्क ‘द कम्प्रेशन ज़ोन’ और एनालॉग फिल्म एवं म्यूजिक रिलीज ‘इमेजिनेशन + द रेस्ट इज माई घोस्ट’ शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:  ‘Love & War’ से आलिया भट्ट का पहला लुक जारी, ग्लैमरस कैबरे अवतार में दिखीं अभिनेत्री