Rajasthan Safai Bharti 2026: राजस्थान में सफाई कर्मचारी भर्ती की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए राहत की खबर है। राजस्थान स्थानीय स्वशासन विभाग ने सफाई कर्मचारी भर्ती 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब योग्य उम्मीदवार 13 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पहले आवेदन की आखिरी तारीख 28 सितंबर निर्धारित की गई थी।

24,752 पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती अभियान के तहत राजस्थान की 183 शहरी स्थानीय निकायों में कुल 24,752 संविदा सफाई कर्मचारी पदों को भरा जाएगा। भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन संख्या 01/2026 है, जिसे 27 जुलाई 2026 को जारी किया गया था। आवेदन प्रक्रिया 15 अगस्त से शुरू हुई थी।

कौन कर सकता है आवेदन?

सफाई कर्मचारी पद के लिए कोई निर्धारित शैक्षणिक योग्यता नहीं रखी गई है। हालांकि, उम्मीदवार का राजस्थान का निवासी होना जरूरी है। साथ ही उसके पास किसी शहरी स्थानीय निकाय में सफाई कार्य करने का कम से कम एक वर्ष का अनुभव होना चाहिए।

आवेदक की उम्र 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी। उम्मीदवार केवल अपनी पसंद की एक शहरी स्थानीय निकाय के लिए आवेदन कर सकेंगे।

लॉटरी से होगा चयन

इस भर्ती में सामान्य लिखित परीक्षा के बजाय लॉटरी प्रक्रिया से चयन किया जाएगा। इसके लिए सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा तैयार सॉफ्टवेयर आधारित सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा। संबंधित शहरी निकाय में सफाई कार्य का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद आवेदन सत्यापन, मेडिकल फिटनेस और पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया होगी।

आवेदन शुल्क

सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपये है। वहीं ईडब्ल्यूएस, ओबीसी, एमबीसी, एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों को 400 रुपये शुल्क देना होगा। जिन उम्मीदवारों ने पहले राजस्थान की किसी भर्ती में OTR फीस जमा की है, उन्हें दोबारा OTR शुल्क नहीं देना होगा।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

उम्मीदवार राजस्थान SSO पोर्टल पर जाकर SSO आईडी और पासवर्ड से लॉगिन करें। इसके बाद Citizen App में Recruitment Portal खोलकर Safai Karmchari Recruitment 2026 लिंक पर क्लिक करें। जरूरत होने पर OTR पूरा करें और अपनी व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करें। इसके बाद लाइव फोटो और हस्ताक्षर अपलोड कर आवेदन सबमिट करें। आवेदन जमा करने से पहले सभी जानकारी ध्यान से जांचें और अंत में फॉर्म डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें।

ये भी पढ़ें: 2027 में आएगी भारत की पहली डेंगू वैक्सीन? जानें कितनी होगी असरदार