MEA Internship 2026: विदेश नीति और कूटनीति को करीब से समझने की इच्छा रखने वाले छात्रों के लिए विदेश मंत्रालय ने इंटर्नशिप का मौका दिया है। Ministry of External Affairs (MEA) ने Internship Programme 2026 के Term-II के लिए आवेदन शुरू किए हैं। इस टर्म की इंटर्नशिप अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक चलेगी।

इच्छुक और योग्य उम्मीदवार मंत्रालय के आधिकारिक इंटर्नशिप पोर्टल के जरिए 27 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को विदेश मंत्रालय के कामकाज को करीब से समझने का मौका मिलेगा। इसमें विदेश नीति से जुड़े काम, रिसर्च, रिपोर्ट तैयार करना और मौजूदा घटनाक्रमों का विश्लेषण जैसे काम शामिल हो सकते हैं।

कौन कर सकता है आवेदन?

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस इंटर्नशिप के लिए आवेदन करने वाला उम्मीदवार भारतीय नागरिक होना चाहिए और उसके पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए।ग्रेजुएशन के अंतिम वर्ष में पढ़ रहे छात्र भी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि इसके लिए शर्त है कि इंटर्नशिप उनके कोर्स का अनिवार्य हिस्सा हो। व 31 दिसंबर 2026 को उम्मीदवार की उम्र 25 साल या उससे कम होनी चाहिए।इस टर्म में 14 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों के उम्मीदवारों को शामिल किया गया है। इनमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु और तेलंगाना समेत कई राज्य शामिल हैं। केंद्र शासित प्रदेशों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, लक्षद्वीप और पुडुचेरी शामिल हैं।

हर महीने 10 हजार मिलेगा स्टाइपेंड

इंटर्नशिप के दौरान चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 10,000 रुपये का मानदेय दिया जाएगा।इसके अलावा मंत्रालय दिल्ली और उम्मीदवार के गृह राज्य की राजधानी अथवा उसके कॉलेज/विश्वविद्यालय के स्थान के बीच एक बार आने-जाने की हवाई यात्रा का खर्च भी देगा। यह सुविधा तय इकॉनमी क्लास किराये की सीमा के तहत होगी।हालांकि दिल्ली में रहने, खाने और अन्य रोजमर्रा के खर्च की जिम्मेदारी इंटर्न को खुद उठानी होगी।

कैसे होगा इंटर्न का चयन?

इस इंटर्नशिप के लिए चयन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और इसे मुख्य रूप से दो चरणों में पूरा किया जाएगा।पहला चरण में प्रारंभिक स्क्रीनिंग होगी इसमें उम्मीदवार की 12वीं और ग्रेजुएशन की शैक्षणिक उपलब्धियों को देखा जाएगा। मंत्रालय चयन के लिए कोटा-कम-वेटेज सिस्टम का इस्तेमाल करता है।दूसरा चरण- पर्सनल इंटरव्यूस्क्रीनिंग के बाद शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इंटरव्यू होगा। इंटरव्यू के लिए बुलाए जाने वाले उम्मीदवारों की संख्या अंतिम रूप से चुने जाने वाले इंटर्न्स की संख्या से तीन गुना तक हो सकती है।इस टर्म के लिए अधिकतम 30 इंटर्न्स का चयन किया जाएगा।

इन उम्मीदवारों को मिल सकती है प्राथमिकता

मंत्रालय की चयन प्रक्रिया में कुछ वर्गों और क्षेत्रों के उम्मीदवारों के लिए प्राथमिकता का प्रावधान भी है। Aspirational Districts Programme के तहत आने वाले जिलों के उम्मीदवारों को शुरुआती स्क्रीनिंग में प्राथमिकता दी जाती है।वहीं इंटरव्यू चरण में SC, ST, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाती है। इसके अलावा कम से कम 30 फीसदी सीटें महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित रखे जाने का प्रावधान हो सकता है।

इंटर्नशिप में क्या काम करना होगा?

इंटर्न्स को विदेश मंत्रालय के अलग-अलग कामकाज और उसके संबद्ध कार्यालयों को समझने का मौका मिलेगा। उन्हें संबंधित डिवीजन के हिसाब से असाइनमेंट दिए जा सकते हैं।इनमें मुख्य रूप सेरिसर्च करना,रिपोर्ट तैयार करना व मंत्रालय से जुड़े विषयों पर असाइनमेंट तैयार करना जैसे काम शामिल हो सकते हैं।

इंटर्नशिप पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को अपने काम की विस्तृत रिपोर्ट जमा करनी होगी। जरूरत पड़ने पर उन्हें अपने काम की प्रेजेंटेशन भी देनी पड़ सकती है।मंत्रालय के मुताबिक, चयन सुरक्षा मंजूरी के अधीन रहेगा। इंटर्नशिप के दौरान मंत्रालय से जुड़ी गोपनीय जानकारी को सार्वजनिक नहीं किया जा सकेगा।

27 सितंबर तक करना होगा आवेदन

MEA Internship Programme 2026 Term-II के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 27 सितंबर 2026 है। इंटर्नशिप अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक चलेगी। इच्छुक उम्मीदवार आवेदन करने से पहले मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक पात्रता और नियमों को ध्यान से पढ़ लें।