Ramayana Part 1 Trailer: दीवाली 2026 पर सिनेमाघरों में धमाका करने के लिए तैयार नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो चुका है। 4 मिनट 9 सेकेंड के इस ग्रैंड ट्रेलर ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। फिल्म की भव्यता और विजुअल इफेक्ट्स (VFX) की हर तरफ तारीफ हो रही है, लेकिन ट्रेलर का एक सीन ऐसा है जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया है, वह है रावण और एक विशालकाय सफेद हाथी की भिड़ंत!
बता दें कि यह कोई साधारण हाथी नहीं, बल्कि देवराज इंद्र का दिव्य वाहन 'ऐरावत' है। इस दृश्य के सामने आते ही दर्शकों के मन में यह सवाल उठने लगा है कि आखिर रामायण में ऐरावत का क्या संबंध है?
कौन हैं दिव्य हाथी 'ऐरावत'?
हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार, ऐरावत का जन्म समुद्र मंथन के दौरान निकले 14 रत्नों में से एक के रूप में हुआ था। वह देवराज इंद्र का दिव्य वाहन है, जो अत्यंत विशालकाय, शक्तिशाली और बर्फ जैसा सफेद है। शास्त्रों में उसके चार (या अधिक) सूंड और कई दांतों का उल्लेख मिलता है।ॉ ऐरावत का संबंध वर्षा, बादलों और स्वर्ग लोक से है। उसे 'अभ्रमातंग' भी कहा जाता है।
रामायण में ऐरावत और रावण के युद्ध का क्या है कनेक्शन?
यद्यपि वाल्मीकि रामायण में ऐरावत कोई मुख्य पात्र नहीं हैं, लेकिन नितेश तिवारी ने सिनेमाई कैनवास को भव्य और पौराणिक दुनिया को विस्तार देने के लिए इस प्रसंग को जोड़ा है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, रावण ने अपने तप और वरदानों के बल पर तीनों लोकों (देवलोक, पृथ्वी लोक और पाताल लोक) पर विजय प्राप्त की थी। उसने देवराज इंद्र को भी पराजित किया था। हो सकता है ऐरावत और रावण की लड़ाई उसी वक्त की हो. वहीं ट्रेलर में रावण और ऐरावत की लड़ाई रावण के उसी प्रचंड अहंकार और असीम शक्ति को दर्शाती है कि कैसे उसने स्वर्ग लोक की शक्तियों को भी चुनौती दे दी थी।
ट्रेलर की अन्य प्रमुख झलकियां
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम के शांत और तेजोमय रूप में, साई पल्लवी माता सीता के सौम्य अवतार में और यश (KGF फेम) रावण के भयानक रूप में नजर आ रहे हैं। वहीं रवि दुबे ने लक्ष्मण का किरदार निभाया है। ट्रेलर की शुरुआत रावण के अत्याचारों से होती है, जिसके अंत के लिए भगवान विष्णु का राम अवतार होता है। फिल्म में 14 साल का वनवास, सीता हरण और धर्म-अधर्म के युद्ध को बड़े पैमाने पर दिखाया जाएगा।
रिलीज की तारीख
नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित और भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शुमार ‘रामायण: पार्ट 1’ इस साल दिवाली 2026 पर रिलीज होगी, जबकि इसका दूसरा भाग दिवाली 2027 में आएगा। फिल्म में सनी देओल (हनुमान), अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह और विवेक ओबेरॉय भी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
और पढ़ें: 'तीनों लोकों में रावण राज'... 'रामायण' ट्रेलर में यश का खौफ, श्रीराम बन रणबीर का दिव्य अवतार
Written By Shailesh Yadav