Dubai Jebel Ali Explosions: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के प्रमुख व्यापारिक और लॉजिस्टिक्स केंद्र दुबई के जाबेल अली (Jebel Ali) इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार सुबह लगातार कई जोरदार धमाकों से हड़कंप मच गया। बता दें कि सिर्फ 20 मिनट में 7 विस्फोटों के बाद इलाके में भीषण आग लग गई । जिसके बाद आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार देखा गया। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब ओमान और ईरान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव कम करने और समझौते को लेकर अंतिम दौर की वार्ता जारी है।
ईंधन भंडारण और ट्रांसफर गोदाम में भीषण आग
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी मेहर और क्षेत्रीय मीडिया के अनुसार, जाबेल अली औद्योगिक क्षेत्र में 20 मिनट के भीतर कम से कम 7 विस्फोट दर्ज किए गए। नासा (NASA) की थर्मल इमेजरी डेटा के हवाले से बताया गया है कि जाबेल अली पोर्ट के पास स्थित ईंधन भंडारण और ट्रांसफर गोदाम में भीषण आग लगी, जिससे इलाके में भारी तबाही की आशंका जताई जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
धुएं और आग के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अमीराती सुरक्षा अधिकारियों ने घटना की रिकॉर्डिंग करने वाले दो लोगों को हिरासत में लिया है। मेहर न्यूज एजेंसी और कुछ इराकी मीडिया आउटलेट्स ने दावा किया है कि ये धमाके यमन से दागी गई मिसाइलों या ड्रोन हमले का नतीजा हो सकते हैं। उसी समय यमन की राजधानी सना में भी जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं।
आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं
यूएई के स्थानीय मीडिया ने कई धमाकों की पुष्टि की है, लेकिन अब तक यूएई सरकार या यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से किसी हमले की आधिकारिक पुष्टि या जिम्मेदारी का औपचारिक ऐलान नहीं किया गया है। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
कूटनीतिक वार्ताओं के बीच बढ़ता तनाव
यह घटना ऐसे नाजुक मोड़ पर हुई है जब अमेरिका, ईरान और ओमान के बीच होर्मुज संकट को सुलझाने के लिए बातचीत चल रही है। जाबेल अली न केवल संयुक्त अरब अमीरात का सबसे महत्वपूर्ण पोर्ट और फ्यूल डिस्ट्रिब्यूशन हब है, बल्कि वैश्विक व्यापार के लिए भी एक रीढ़ माना जाता है। यदि इस हमले में यमन के हूती गुटों की संलिप्तता सिद्ध होती है, तो इससे खाड़ी क्षेत्र में कूटनीतिक वार्ताओं को बड़ा झटका लग सकता है।
और पढे़ं: चीन सीमा पर भारत का बड़ा दांव! डोकलाम के करीब बिछेगी नई रेल लाइन, दुश्मन को मिलेगा कड़ा संदेश
ट्रंप का बड़ा एक्शन! 28 हजार विदेशी ट्रक ड्राइवरों के लाइसेंस रद्द, अब एक्स फौजियों को मिलेगा मौका
Written by Shailesh Yadav