Pakistan GHQ Attack:पाकिस्तान के रावलपिंडी स्थित सेना के अत्यंत संवेदनशील जनरल हेडक्वार्टर (GHQ) के मुख्य द्वार पर मंगलवार सुबह एक बड़ा आतंकी हमला हुआ। भारी हथियारों और आत्मघाती विस्फोटकों से लैस एक हमलावर ने मुख्य प्रवेश द्वार के चेकपॉइंट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। बता दें कि इस दौरान सुरक्षा बलों की त्वरित और प्रभावी जवाबी कार्रवाई में हमलावर को मौके पर ही मार गिराया गया, जिससे वह जीएचक्यू परिसर के अंदर घुसने में नाकाम रहा।

कब की है ये घटना?
दरअसल, ये घटना मंगलवार सुबह व्यस्त समय (पीक आवर्स) के दौरान घटी, जब हमलावर अचानक एंट्री चेकपॉइंट के करीब पहुंचा और ऑटोमैटिक हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले में पाकिस्तान आर्मी का एक जवान मौके पर ही शहीद हो गया, जबकि दो अन्य सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत पास के मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

बड़ी आत्मघाती साजिश नाकाम
सुरक्षा बलों की शुरुआती जांच और मौके से बरामद सामग्री से संकेत मिलता है कि हमलावर एक बड़े आत्मघाती हमले को अंजाम देने की फिराक में था। उसके पास भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ और आधुनिक हथियार थे। हालांकि, अलर्ट सुरक्षा गार्डों ने उसे परिसर के मुख्य द्वार पर ही ढेर कर एक बड़ी तबाही को टाल दिया।

पूरे रावलपिंडी गैरीसन में हाई अलर्ट, सर्च ऑपरेशन जारी
घटना के तुरंत बाद एलीट काउंटर-टेररिज्म यूनिट्स, स्पेशल फोर्सेज और सेना की टुकड़ियों ने पूरे जीएचक्यू जोन और आसपास की सड़कों को सील कर दिया। रावलपिंडी गैरीसन क्षेत्र में व्यापक स्तर पर 'सर्च एंड स्वीप' ऑपरेशन चलाया जा रहा है। संभावित सहयोगियों और आतंकी नेटवर्क का सुराग लगाने के लिए इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। आम नागरिकों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाते हुए अतिरिक्त चेकपॉइंट तैनात कर दिए गए हैं।

फॉरेंसिक और खुफिया जांच तेज
फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। हमलावर के शव, हथियारों, कपड़ों और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि उसकी पहचान और विचारधारा का पता लगाया जा सके। खुफिया एजेंसियां इस बात की जांच में जुटी हैं कि क्या हमलावर किसी संगठित आतंकवादी संगठन से जुड़ा था या उसने 'लोन वुल्फ' (अकेले) के तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया। 

और पढ़ें: ‘पाकिस्तान को उखाड़ फेंको....' 11 अगस्त को बलूचिस्तान ने घोषित की आजादी, 'रिपब्लिक ऑफ बलूचिस्तान' का किया ऐलान

Written by Shailesh Yadav