वॉशिंगटन डीसी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ईरान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ट्रंप का कहना है कि ईरान अब जल्द से जल्द इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को दोबारा खोलना चाहता है, क्योंकि इसके बंद रहने से उसकी कमाई पर असर पड़ रहा है, उन्होंने दावा किया कि ईरान की आय का एक अहम हिस्सा होर्मुज स्ट्रेट से जुड़ा है और मौजूदा हालात में उसके सामने आर्थिक दबाव बढ़ गया है।

ट्रंप ने ईरान के फैसले को बताया उसके लिए नुकसानदेह

ट्रंप के मुताबिक, ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद करके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुश्किलें पैदा करने की रणनीति अपनाई थी। हालांकि, उनका दावा है कि यह कदम अब खुद ईरान के लिए परेशानी का कारण बन गया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान को लगा था कि समुद्री मार्ग बंद करने से दूसरे देशों पर दबाव बढ़ेगा। लेकिन उनके अनुसार, इसके बाद अमेरिका ने ऐसी नाकाबंदी तैयार की, जिसने स्थिति को पूरी तरह बदल दिया।

ट्रंप ने इसे सैन्य इतिहास की सबसे बड़ी नाकाबंदियों में से एक बताते हुए कहा कि यह किसी 'स्टील की दीवार' जैसी है, उनका दावा है कि मौजूदा व्यवस्था में ईरान के लिए रास्ता बंद है, जबकि अन्य देश होर्मुज स्ट्रेट का इस्तेमाल कर सकते हैं।

'बाकी देश करते रहेंगे स्ट्रेट का इस्तेमाल'

ट्रंप ने कहा कि ईरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट बंद करने के फैसले के बाद अमेरिका ने भी उसके लिए समुद्री मार्ग को रोकने का फैसला किया। हालांकि, उनके अनुसार अन्य देशों को इस मार्ग से आवाजाही की अनुमति रहेगी।

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि इस घटनाक्रम का असर ईरान की आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है। उनके मुताबिक, इसी वजह से ईरान अब स्ट्रेट को जल्द से जल्द खोलने की कोशिश कर रहा है।

ये भी पढ़ें- LPU में रेप की सूचना से बवाल...छात्रों ने बंद किया चंडीगढ़-अमृतसर हाईवे

ईरान के प्रस्ताव को कर दिया खारिज- ट्रंप

पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की ओर से एक समझौते का प्रस्ताव आया था, उनके मुताबिक, इस प्रस्ताव में ईरान तुरंत होर्मुज स्ट्रेट खोलने पर सहमत था, लेकिन उन्होंने इस डील को स्वीकार नहीं किया।

ट्रंप ने कहा कि ईरान मौजूदा हालात में गंभीर नुकसान का सामना कर रहा है और इसी कारण वह समझौते की कोशिश कर रहा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह टिप्पणी उस समय की, जब वह व्हाइट हाउस के लॉन से मरीन वन हेलीकॉप्टर में सवार हो रहे थे। इससे पहले न्यूयॉर्क में इस सप्ताह आयोजित संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत होने की बात सामने आई थी।