अमेरिका ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को साल 2026 में होने वाली G-20 समिट में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि रूस के राष्ट्रपति को दिसंबर में मियामी में आयोजित होने वाले वर्ल्ड लीडर्स G-20 समिट में हिस्सा लेने का न्योता भेजा गया है।
G-20 में पुतिन को मिलेगा विश्व नेताओं से बातचीत का मौका- रुबियो
मार्को रुबियो ने कहा कि पुतिन के लिए यह सम्मेलन अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ-साथ दुनिया के अन्य प्रमुख नेताओं से बातचीत करने का एक अवसर हो सकता है, उन्होंने उम्मीद जताई कि रूसी राष्ट्रपति इस निमंत्रण को स्वीकार करेंगे।
'इंटरनेशनल सिस्टम कमजोर स्थिति में'
रुबियो ने मौजूदा वैश्विक व्यवस्था पर भी चिंता जताई, उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सिस्टम इस समय बेहतर स्थिति में नहीं है। अगर एक प्रभावी वैश्विक व्यवस्था होती तो कई अंतरराष्ट्रीय विवादों को सुलझाने में मदद मिल सकती थी।
मौजूदा वैश्विक व्यवस्था चुनौतियों से निपटने में सक्षम नहीं- रुबियो
उन्होंने उदाहरण देते हुए थाईलैंड-कंबोडिया तनाव, भारत-पाकिस्तान के बीच संभावित टकराव, रवांडा और डीआरसी (डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो) के हालात, सूडान संकट और ईरान से जुड़े स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के मुद्दों का जिक्र किया। रुबियो ने कहा कि मौजूदा स्थिति में देश अपने राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखकर फैसले लेते हैं, उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका अपने हितों को किसी भी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था से ऊपर नहीं रखेगा।
अमेरिका करेगा 2026 G-20 समिट की मेजबानी
साल 2026 का G-20 शिखर सम्मेलन अमेरिका के मियामी शहर में आयोजित किया जाएगा। इस बार G-20 की अध्यक्षता अमेरिका के पास है। इससे पहले 2025 में G-20 समिट दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आयोजित हुआ था, जो अफ्रीकी महाद्वीप में होने वाला पहला G-20 सम्मेलन था। वहीं, 2027 में G-20 की मेजबानी ब्रिटेन करेगा।