नई दिल्ली: भारत ने जल सुरक्षा, स्वच्छता और टिकाऊ विकास को लेकर अफ्रीकी देशों और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के साथ सहयोग बढ़ाने की दिशा में कदम आगे बढ़ाया है। बता दें कि नई दिल्ली में आयोजित 9वें इंडिया इंटरनेशनल वाटर वीक 2026 में अफ्रीकी देशों के राजदूतों के साथ एक विशेष राउंडटेबल आयोजित किया गया। इसमें भारत ने सतत विकास लक्ष्य-6 (SDG-6) के क्रियान्वयन को तेज करने और जलवायु-अनुकूल जल सुरक्षा को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि बैठक का उद्देश्य अफ्रीकी देशों के साथ साझेदारी को मजबूत करना और SDG-6 के लक्ष्यों को तेजी से लागू करना था। इसके साथ ही अफ्रीका की विकास और जलवायु प्राथमिकताओं के अनुरूप समावेशी और जलवायु-लचीली जल सुरक्षा को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।

जायसवाल ने कहा कि भारत अफ्रीकी देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि अफ्रीकी संघ (African Union) ने वर्ष 2026 के लिए ‘Assuring Sustainable Water Availability and Safe Sanitation Systems to Achieve the Goals of Agenda 2063’ को थीम बनाया है। ऐसे में जल उपलब्धता और सुरक्षित स्वच्छता के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत किया जा सकता है।

अफ्रीकी प्रतिनिधियों के साथ हुई अहम बैठक
जल जीवन मिशन ने भी X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि 9वें इंडिया इंटरनेशनल वाटर वीक 2026 की शुरुआत अफ्रीकी देशों के राजदूतों के साथ Water, Sanitation and Hygiene पर राउंडटेबल से हुई। पेयजल और स्वच्छता विभाग के सचिव ने अफ्रीकी प्रतिनिधियों, विकास साझेदारों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों का स्वागत किया।

अफगानिस्तान के मानवीय मुद्दे पर भी चर्चा
इसी बीच शुक्रवार को न्यूयॉर्क में विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने अफगानिस्तान के लिए संयुक्त राष्ट्र महासचिव के विशेष प्रतिनिधि से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जोर दिया कि अफगान लोगों की मानवीय जरूरतों को प्राथमिकता में बनाए रखना जरूरी है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, मिसरी ने UNAMA की भूमिका की सराहना की और भारत की ओर से लगातार सहयोग का भरोसा दिया।

आतंकवाद के खिलाफ सहयोग पर भारत की बात
विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने भी संयुक्त राष्ट्र के आतंकवाद निरोधक मामलों के कार्यवाहक अवर महासचिव अलेक्जेंडर ज़ुएव से मुलाकात की। दोनों अधिकारियों ने आतंकवाद से निपटने में भारत और संयुक्त राष्ट्र कार्यालय ऑफ काउंटर-टेररिज्म (UN-OCT) के बीच सहयोग पर चर्चा की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में सीमा पार आतंकवाद के खतरे से निपटने में भारत की UN-OCT के साथ मजबूत भागीदारी और भविष्य में इस सहयोग को और गहरा करने के तरीकों पर विचार हुआ।

UAE के साथ जल प्रबंधन और टिकाऊ तकनीक पर बातचीत
सिबी जॉर्ज ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान UAE के विदेश मंत्रालय में ऊर्जा और स्थिरता मामलों के सहायक मंत्री अब्दुल्ला अहमद बलाला से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने भारत-UAE के बीच स्थिरता और टिकाऊ विकास के क्षेत्र में बढ़ते सहयोग पर चर्चा की। साथ ही जल प्रबंधन समेत टिकाऊ तकनीकों के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के अवसर तलाशे गए।

बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने दिसंबर 2026 में अबू धाबी में होने वाले UN Water Conference की सफलता की दिशा में काम करने की उम्मीद भी जताई। इन बैठकों के जरिए भारत ने जल सुरक्षा, स्वच्छता, टिकाऊ तकनीक, मानवीय सहायता और आतंकवाद निरोधक सहयोग जैसे मुद्दों पर अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ अपनी सक्रिय भागीदारी को आगे बढ़ाया है।