UP Vidhansabha Chunav 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल के बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसानों को लेकर कई बड़े वादे किए हैं। बता दें कि बुधवार को उनसे मिलने पहुंचे किसानों से बातचीत के दौरान अखिलेश ने कहा कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो किसानों की आय बढ़ाने और खेती से जुड़ी परेशानियों को कम करने के लिए कई कदम उठाए जाएंगे।
अखिलेश यादव ने मुफ्त सिंचाई और किसानों के बकाये का भुगतान 24 से 48 घंटे के भीतर करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए बड़े पैमाने पर डेयरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि खेती के साथ उनकी आय का एक और जरिया तैयार हो सके।
महंगी मशीनरी और सामान का उठाया मुद्दा
किसानों से बातचीत में सपा प्रमुख ने खेती की बढ़ती लागत का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए कृषि मशीनरी महंगी हो गई है और रोजमर्रा की जरूरी चीजों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। किसानों को उनकी मेहनत के अनुरूप पर्याप्त मदद और लाभ नहीं मिल रहा है। उनके मुताबिक, किसान की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी तभी ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।
इथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर सरकार पर निशाना
अखिलेश यादव ने पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने की नीति को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इथेनॉल ब्लेंडिंग से होने वाला फायदा किसानों तक पर्याप्त रूप से नहीं पहुंच रहा है। इस दौरान उन्होंने ये भी दावा किया कि सरकार को इथेनॉल ब्लेंडिंग से फायदा हो रहा है, जबकि किसान अभी भी आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। हालांकि, ये आरोप अखिलेश यादव के राजनीतिक दावे हैं।
बड़े स्तर पर डेयरी सुविधाएं बनाने का वादा
सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर प्रदेश में बड़े पैमाने पर डेयरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उनका कहना है कि इससे किसानों को खेती के अलावा पशुपालन और दूध उत्पादन के जरिए अतिरिक्त आमदनी का अवसर मिलेगा। बता दें कि सपा प्रमुख इससे पहले भी दूध उत्पादकों और डेयरी क्षेत्र को लेकर घोषणाएं कर चुके हैं। सितंबर में उन्होंने काऊ मिल्क प्लांट और किसानों को दूध का बेहतर दाम देने की बात कही थी।
बिजली और अधूरे प्रोजेक्ट पर भी सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने बिजली उत्पादन को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली समाजवादी सरकार के समय शुरू की गई कुछ बिजली परियोजनाएं अब तक पूरी नहीं हुई हैं। प्रदेश में किसानों के लिए सिंचाई की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी और सपा सरकार बनने पर सिंचाई मुफ्त उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
BJP पर भी साधा निशाना
अखिलेश ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को उसके दावों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने अर्थव्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार पर आरोप लगाए। एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था दान की चोरी से नहीं बन सकती। बीजेपी का विकास मॉडल भ्रष्टाचार पर आधारित है।
BJP विधायकों के संपर्क में होने के सवाल पर बोले अखिलेश
जब अखिलेश यादव से पूछा गया कि क्या बीजेपी के कुछ विधायक उनके संपर्क में हैं, तो उन्होंने कहा कि कई लोग संपर्क में हैं, लेकिन सवाल यह है कि उन्हें पार्टी में कैसे जगह दी जाए। समाजवादी पार्टी ऐसे वादे नहीं करना चाहती जिन्हें बाद में पूरा न किया जा सके।
अखिलेश यादव के ये बयान ऐसे समय आए हैं जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो रही हैं। किसान, सिंचाई, बिजली, कृषि लागत, किसानों के भुगतान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था चुनावी राजनीति में अहम मुद्दे बने हुए हैं।