Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में औद्योगिक विकास को बड़ी रफ्तार मिलने की उम्मीद है। सलेमपुर में विकसित किए जा रहे नए औद्योगिक क्षेत्र में करीब 4,000 करोड़ रुपये के निवेश से दो मेगा फैक्टरियां स्थापित कराने की कोशिश तेज हो गई है। प्रदेश सरकार की इन्वेस्ट यूपी नीति के तहत बहुराष्ट्रीय कंपनियों को यहां निवेश के लिए आकर्षित किया जा रहा है।

बड़े निवेश को लेकर आधिकारिक स्तर पर बातचीत अंतिम दौर में पहुंच गई है। उम्मीद है कि अगले 20 दिनों के भीतर दोनों प्रस्तावों को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी। यदि यह निवेश जमीन पर उतरता है तो हाथरस के औद्योगिक परिदृश्य में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

499 एकड़ में तैयार हो रहा नया इंडस्ट्रियल एरिया
सलेमपुर में करीब 499 एकड़ भूमि पर आधुनिक सुविधाओं से लैस नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। यहां उद्योगों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए चौड़ी सड़कों, बिजली आपूर्ति, जल निकासी, औद्योगिक सुरक्षा और लॉजिस्टिक सुविधाओं जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं पर काम किया जा रहा है।

सरकार का फोकस इस औद्योगिक क्षेत्र में देश और विदेश की बड़ी कंपनियों को लाने पर है। मेगा फैक्टरियों की स्थापना होने से स्थानीय स्तर पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

मथुरा-बरेली हाईवे से सीधा कनेक्शन बनेगा बड़ा फायदा
सलेमपुर के नए औद्योगिक क्षेत्र की सबसे बड़ी खासियत इसकी लोकेशन बताई जा रही है। यह क्षेत्र मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग से सटा हुआ है। हाईवे से सीधी कनेक्टिविटी के कारण कंपनियों को कच्चा माल लाने और तैयार उत्पाद को दूसरे राज्यों और बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। यही वजह है कि बेहतर सड़क संपर्क को निवेशकों के लिए इस औद्योगिक क्षेत्र की बड़ी ताकत माना जा रहा है।

विदेशी निवेशकों से बातचीत जारी
बड़े निवेश को जमीन पर उतारने के लिए शासन स्तर पर विदेशी निवेशकों के प्रतिनिधियों से लगातार बातचीत की जा रही है। अधिकारियों का प्रयास है कि निवेश से जुड़े एमओयू और भूमि आवंटन की प्रक्रिया जल्द पूरी की जा सके। अगर प्रस्तावित दोनों मेगा फैक्टरियां स्थापित होती हैं तो हाथरस और आसपास के क्षेत्रों में रोजगार के साथ-साथ स्थानीय कारोबार, परिवहन और अन्य सहायक उद्योगों को भी फायदा मिलने की संभावना है।

जल्द हाथरस को मिल सकती हैं बड़ी सौगातें
यूपीसीडा, अलीगढ़ के क्षेत्रीय प्रबंधक श्याम गोपाल ने कहा कि सलेमपुर में विकसित किया जा रहा नया औद्योगिक क्षेत्र विश्वस्तरीय सुविधाओं के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की सोच के अनुसार काम हुआ तो इस इंडस्ट्रियल एरिया की अलग पहचान बनेगी। उन्होंने कहा कि हाथरस जनपद को जल्द ही बड़ी औद्योगिक सौगातें मिल सकती हैं।