Tamil Nadu News: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय 22 सितंबर को चेन्नई में पेरुंथलैवर कामराजर ब्रेकफास्ट स्कीम के विस्तार की शुरुआत करेंगे। अब इस योजना का लाभ कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों को भी मिलेगा। इसके साथ ही चेन्नई में अमेरिकी हेल्थकेयर और फार्मेसी कंपनी Walgreens अपना पहला Global Capability Centre (GCC) स्थापित करने जा रही है।
शुक्रवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में योजना के विस्तार और इसके क्रियान्वयन की तैयारियों की समीक्षा की गई। सरकार के मुताबिक, इसका उद्देश्य छात्रों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि वे खाली पेट स्कूल न आएं और पढ़ाई पर बेहतर तरीके से ध्यान दे सकें।
15.30 लाख छात्रों को मिलेगा लाभ
विस्तारित योजना के तहत करीब 15.30 लाख छात्रों को लाभ मिलेगा। यह योजना 15,454 स्कूलों में लागू की जाएगी। इसके लिए सरकार ने अतिरिक्त 217.63 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके बाद योजना का कुल बजट बढ़कर 724 करोड़ रुपये हो गया है।
ऐसे तैयार होगा छात्रों का नाश्ता
योजना को अलग-अलग क्षेत्रों में अलग व्यवस्था के जरिए लागू किया जाएगा। ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन के 447 स्कूलों में इंटीग्रेटेड किचन के जरिए भोजन तैयार होगा। अन्य नगर निगमों और नगरपालिकाओं के 2,150 स्कूलों में नगर प्रशासन निदेशालय के माध्यम से व्यवस्था होगी। ग्रामीण क्षेत्रों के 12,857 स्कूलों में स्कूल परिसर में ही भोजन तैयार किया जाएगा। यहां स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तमिलनाडु महिला विकास निगम के माध्यम से भोजन तैयार करेंगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किचन और भोजन परोसने वाले स्थानों की साफ-सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। छात्रों को गर्म, स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
चेन्नई में Walgreens का पहला Global Capability Centre
इसी बीच तमिलनाडु के लिए निवेश और रोजगार के मोर्चे पर भी बड़ी घोषणा हुई है। अमेरिका की हेल्थकेयर और फार्मेसी सेवा कंपनी Walgreens चेन्नई में भारत का अपना पहला Global Capability Centre (GCC) स्थापित करेगी। Walgreens India Private Limited ने तमिलनाडु सरकार के साथ इस संबंध में MoU पर हस्ताक्षर किए।
यह समझौता मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की मौजूदगी में सचिवालय में हुआ। कंपनी का नया GCC चेन्नई के तारामणि स्थित DLF Downtown कॉम्प्लेक्स में स्थापित किया जाएगा। यह क्षेत्र नए घोषित OMR GCC Corridor का हिस्सा है। सरकार के अनुसार, इस केंद्र से पहले साल में 250 से अधिक हाई-वैल्यू नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है। आने वाले वर्षों में इसके संचालन का विस्तार किए जाने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने कंपनी से तमिलनाडु के Tier-II और Tier-III शहरों के युवाओं के लिए भी रोजगार के अवसर तलाशने का आग्रह किया। सरकार का कहना है कि यह निवेश राज्य में GCC सेक्टर में उच्च गुणवत्ता वाले रोजगार बढ़ाने और तमिलनाडु को टेक्नोलॉजी व बिजनेस सर्विसेज के वैश्विक केंद्र के रूप में मजबूत करने में मदद करेगा।