Kangana Ranaut Taj Mahal Visit: अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत रविवार को आगरा के ताजमहल पहुंचीं। उनके आने की खबर मिलते ही ऐतिहासिक स्मारक पर मौजूद पर्यटकों और प्रशंसकों का ध्यान उनकी ओर गया। कड़ी सुरक्षा के बीच कंगना ने ताजमहल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद लोगों से बातचीत की और प्रशंसकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
कंगना को देखने के लिए पर्यटकों में उत्सुकता दिखाई दी। कई लोगों ने उनके साथ फोटो लेने का मौका नहीं छोड़ा। ताजमहल परिसर में उनकी मौजूदगी के दौरान सुरक्षा के भी इंतजाम किए गए थे।
पर्यटकों के साथ तस्वीरें खिंचवाती दिखीं कंगना
आगरा के ताजमहल में रविवार को कंगना रनौत की मौजूदगी चर्चा का विषय रही। वह सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्मारक पहुंचीं और वहां घूमने आए लोगों से मुलाकात की। इस दौरान कुछ पर्यटकों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। कंगना राजनीति और फिल्मों दोनों में सक्रिय हैं। वह हिमाचल प्रदेश के मंडी से बीजेपी सांसद हैं। फिल्मों के साथ-साथ उनके सार्वजनिक कार्यक्रमों और दौरों पर भी लोगों की नजर रहती है।
हॉरर फिल्म 'Scary Picture' में नजर आएंगी कंगना
कंगना इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'Scary Picture' को लेकर भी चर्चा में हैं। हाल ही में फिल्म का पहला लुक पोस्टर जारी किया गया। अभिनेता और निर्माता राणा दग्गुबाती ने इस पोस्टर को सामने लाया है। फिल्म का निर्माण अनुभवी निर्माता सुरेश बाबू अपने प्रोडक्शन हाउस सुरेश प्रोडक्शंस के तहत कर रहे हैं। इस फिल्म के जरिए वह हॉरर जॉनर में कदम रखने जा रहे हैं।
रवि बाबू की पहली हिंदी फीचर फिल्म
'Scary Picture' का निर्देशन तेलुगु फिल्ममेकर रवि बाबू कर रहे हैं। यह हिंदी सिनेमा में बतौर निर्देशक उनकी पहली फीचर फिल्म होगी। रवि बाबू इससे पहले तेलुगु में 'Anasuya' और 'Avunu' जैसी हॉरर फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। इस प्रोजेक्ट को भारतीय सिनेमा में हॉरर फिल्मों के लिए एक अलग पहचान और निर्माण व्यवस्था विकसित करने की दिशा में भी अहम बताया जा रहा है। राणा दग्गुबाती इसी तरह का एक समर्पित हॉरर फिल्म निर्माण इकोसिस्टम तैयार करना चाहते हैं। फिलहाल फिल्म की कहानी, बाकी कलाकारों और कंगना के किरदार को लेकर जानकारी सामने नहीं आई है। निर्माताओं ने फिल्म को 2027 में रिलीज करने का संकेत दिया है।