केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार 7, अक्टूबर को गुजरात के वडनगर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बचपन से जुड़ी यादों को देखकर वे भावुक हो गए। इस दौरान उन्होंने उस ऐतिहासिक चाय स्टॉल का भी दौरा किया, जहां प्रधानमंत्री मोदी अपने पिता के साथ बचपन में चाय बेचने में मदद किया करते थे।
PM के शुरुआती संघर्ष की कहानी वडनगर का चाय स्टॉल
दरअसल, वडनगर प्रधानमंत्री मोदी का जन्मस्थान है और यह चाय स्टॉल उनके शुरुआती संघर्ष और जीवन यात्रा का प्रतीक माना जाता है। शिवराज सिंह चौहान का यह दौरा प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ और वारणसी-से-वडनगर सेवा यात्रा के समापन कार्यक्रम का हिस्सा था। इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता भी शामिल हुए।
वडनगर रेलवे स्टेशन पर PM का संरक्षित चाय स्टॉल
वडनगर रेलवे स्टेशन पर संरक्षित चाय स्टॉल को देखने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी के संघर्ष, समर्पण और जनसेवा के सफर की सराहना की। उन्होंने कहा कि साधारण परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च लोकतांत्रिक पद तक पहुंचने की प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा है। चौहान पहले भी कई अवसरों पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने दशकों पुराने संबंधों और उनके नेतृत्व से मिली प्रेरणा का उल्लेख कर चुके हैं। इस अभियान के तहत देशभर में जनसेवा, स्वच्छता, वृक्षारोपण और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ये भी पढ़ें-CJP प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस सख्त, नई दिल्ली में बड़े जमावड़े की अनुमति नहीं