Magadh Greenfield Satellite Township: बिहार के गया में प्रस्तावित मगध ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप की विकास योजना-2047 के प्रारूप को सार्वजनिक कर दिया गया है। अब आम लोग और अन्य हितधारक इस प्रारूप पर 60 दिनों तक अपनी आपत्ति और सुझाव दे सकेंगे। नगर विकास एवं आवास विभाग ने प्रारूप को अधिसूचित करते हुए गजट में इसके प्रकाशन की तारीख से 60 दिन की अवधि तय की है।

जमीन खरीद-बिक्री पर लगी रोक भी हटी
सरकार ने प्रस्तावित टाउनशिप के विशेष क्षेत्र में जमीन की खरीद-बिक्री और हस्तांतरण पर 29 जुलाई से लगी रोक हटा दी है। नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। विभाग के अनुसार, बिहार शहरी आयोजना तथा विकास बोर्ड की 8 सितंबर को हुई 15वीं बैठक में विकास आयुक्त सह अध्यक्ष की अध्यक्षता में इस प्रारूप को सार्वजनिक करने की अनुशंसा की गई थी। इसके बाद इसे आम लोगों और हितधारकों के सुझाव के लिए जारी किया गया।

60 दिनों तक दे सकेंगे आपत्ति और सुझाव
विकास योजना-2047 के प्रारूप पर सुझाव अपर सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग को डाक, कुरियर या ई-मेल के माध्यम से भेजे जा सकेंगे। इसके अलावा सुझाव आयुक्त, मगध प्रमंडल सह अध्यक्ष, जिला आयोजना क्षेत्र प्राधिकार, गया जी को भी भेजे जा सकते हैं।

54 राजस्व गांव होंगे शामिल
प्रस्तावित मगध ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप का विशेष क्षेत्र करीब 22,200 एकड़ में फैला होगा। इसमें गया जी, बोधगया और परैया प्रखंड के 54 राजस्व गांव शामिल होंगे। इसके साथ ही गया जी और बोधगया योजना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुछ शहरी हिस्सों को भी योजना में शामिल किया गया है। वहीं, टाउनशिप का कोर क्षेत्र करीब 1,629 एकड़ का प्रस्तावित है। इसमें 13 राजस्व गांव शामिल होंगे।

आवास के साथ बाजार, अस्पताल और शिक्षण संस्थान
विकास योजना में सिर्फ आवासीय क्षेत्र विकसित करने की बात नहीं है। प्रस्तावित टाउनशिप में केंद्रीय व्यावसायिक क्षेत्र, बाजार, संस्थान, अस्पताल, शिक्षण संस्थान, मनोरंजन स्थल और सेवा क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव है। इसका उद्देश्य भविष्य में होने वाले शहरी विस्तार को व्यवस्थित करना और एक आत्मनिर्भर शहरी केंद्र विकसित करना है।

1.70 लाख आबादी और 54 हजार से ज्यादा भूखंड
प्रस्तावित विशेष क्षेत्र में वर्तमान में करीब 1.70 लाख की आबादी रहती है। यहां करीब 27,533 भवन और 54,604 भूखंड मौजूद हैं। वहीं, कोर क्षेत्र में लगभग 3,533 भूखंड हैं। योजना में मौजूदा गांवों और बस्तियों को हटाकर अलग विकास करने के बजाय उन्हें नई शहरी व्यवस्था का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया है। यानी मौजूदा आबादी और बसावट को ध्यान में रखते हुए भविष्य का विकास करने का प्रस्ताव है।

NH-22, NH-119D और एयरपोर्ट से बेहतर कनेक्टिविटी
प्रस्तावित टाउनशिप की लोकेशन भी महत्वपूर्ण है। विशेष क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग-22 और NH-119D के साथ-साथ गया जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के करीब है। ऐसे में योजना के मुताबिक इसे क्षेत्रीय स्तर पर बेहतर सड़क और हवाई संपर्क का लाभ मिल सकता है।