पटना: बिहार के जमुई जिले में सड़क पर कक्षा 10 की दो छात्राओं से कथित छेड़छाड़ और बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि वीडियो बेहद परेशान करने वाला है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सार्वजनिक सड़क पर शाम के समय नाबालिग लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोग खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेंगे।
उन्होंने मांग की कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे हर व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ POCSO समेत संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई की जाए। राहुल गांधी ने घटना को लेकर बिहार सरकार और प्रशासन से जवाबदेही तय करने की भी मांग की।
19 सितंबर की बताई जा रही घटना
जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल के मुताबिक, वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पीड़िता की पहचान कर उसका बयान दर्ज किया। पुलिस के अनुसार घटना 19 सितंबर को शाम करीब 7 बजे हुई थी। वीडियो में गांव के कुछ युवकों द्वारा छात्राओं के साथ कथित तौर पर बदसलूकी करते हुए देखा गया।
एसपी ने बताया कि वीडियो में करीब छह से सात लोग दिखाई दे रहे हैं और पुलिस ने इनमें से कुछ की पहचान कर ली है। मामले में आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।
राहुल गांधी ने पूछा- सड़क पर लड़की सुरक्षित क्यों नहीं?
राहुल गांधी ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूछा कि अगर घटना 19 सितंबर की है तो आरोपी अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं हुए। उन्होंने बिहार सरकार से यह भी पूछा कि शाम 7 बजे सार्वजनिक सड़क पर एक लड़की सुरक्षित क्यों नहीं है।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।