बिहार: बिहार में बाढ़ का पानी बढ़ा तो राहत की कोशिशें भी तेज हो गईं। इसी बीच खान सर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुद नाव पर राहत सामग्री के साथ है और बाढ़ प्रभावित इलाकों का मुआयना करते नजर आ रहे हैं। साथ ही इस बीच उनके हाथ में एक खास डिवाइस भी दिखाई दे रहा है जिससे वह बाढ़ प्रवाहित इलाकों में अनाउंसमेंट करते और लोगो को जरूरी सूचना बता रहे है। दिलचस्प बात ये है कि जिस वक्त खान सर का यह वीडियो चर्चा में आया, उसी वक्त बिहार में बाढ़ राहत को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच भी सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।
नाव पर राहत सामग्री लेकर पहुंचे खान सर
21 सितंबर को सामने आए वायरल वीडियो में खान सर बाढ़ प्रभावित इलाकों में नाव पर राहत सामग्री के साथ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के मुताबिक, वह लोगों तक मदद पहुंचाने के लिए खुद राहत अभियान में शामिल हुए हैं। उनके हाथ में एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी दिखाई दे रहा है, जिसके जरिए वह लोगों तक जरूरी जानकारी पहुंचाते नजर आ रहे हैं। वही वीडियो में खान सर रात के समय राहत सामग्री बांटने के बजाय अगले दिन सुबह वितरण की बात करते भी सुनाई देते हैं। इसके पीछे कारण अंधेरे में बच्चों की सुरक्षा बताई जा रही है।
पहले भी राहत अभियान चला चुके हैं खान सर
हालांकि खान सर का बाढ़ राहत अभियान नया नहीं है। 16 सितंबर को करीब 100 वाहनों के काफिले के साथ राहत सामग्री भेजे जाने की रिपोर्ट सामने आई थी। उस दौरान उन्होंने खुद राहत सामग्री की व्यवस्था और काफिले की निगरानी की थी। अब नाव से प्रभावित इलाकों में पहुंचने का वीडियो सामने आने के बाद उनका राहत अभियान फिर चर्चा में बना हुआ है।
बाढ़ राहत पर आमने-सामने सरकार और विपक्ष
खान सर के वीडियो के बीच बिहार में बाढ़ राहत को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार से बाढ़ प्रभावित परिवारों को 15-15 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की भी मांग उठाई है। वहीं बिहार सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, 15 सितंबर को 8,27,472 प्रभावित परिवारों के खातों में 7,000 रुपये प्रति परिवार की दर से कुल 579.23 करोड़ रुपये DBT के जरिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई थी।
राहत के बीच सियासी बयानबाजी तेज
एक तरफ सरकार की ओर से आर्थिक सहायता और राहत अभियान चलाने की जानकारी दी जा रही है, तो वही दूसरी तरफ विपक्ष राहत की राशि बढ़ाने और बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग कर रहा है। ऐसे समय में खान सर का जमीनी स्तर पर राहत सामग्री लेकर पहुंचने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
यह भी पढ़ें:जयंत चौधरी से मिले मोहम्मद शमी, तस्वीर सामने आते ही उठे बड़े सवाल… क्या क्रिकेटर की अमरोहा से होगी नई पारी?