Kanpur Metro Update: कानपुरवासियों, खासकर शहर के दक्षिणी हिस्से के लोगों का मेट्रो का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। कानपुर मेट्रो का सेंट्रल से नौबस्ता तक करीब 7 किलोमीटर लंबे हिस्से में अगले महीने नवरात्र के शुरुआती दिनों में संचालन शुरू होने की उम्मीद है। मेट्रो के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, इस संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से कुछ दिन पहले संकेत मिल चुका है।
इसके बाद उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) ने उद्घाटन की तैयारियां तेज कर दी हैं। स्टेशनों पर साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं की दोबारा जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, संचालन शुरू होने पर यात्री IIT से सीधे नौबस्ता तक मेट्रो से सफर कर सकेंगे।
सात स्टेशनों पर स्टाफ की तैनाती
सेंट्रल से नौबस्ता के बीच बनने वाले सभी सात स्टेशनों पर फिलहाल स्टेशन कंट्रोलर, गार्ड और सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जा चुकी है। मेट्रो संचालन से पहले दोनों शिफ्ट में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर करीब 150 कर्मियों तक किए जाने की योजना है।
दक्षिण कानपुर को मिलेगी सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी
सेंट्रल से नौबस्ता सेक्शन शुरू होने के बाद कानपुर के दक्षिणी हिस्से की मेट्रो कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इस रूट से किदवई नगर, बसंत विहार, बारादेवी और नौबस्ता जैसे प्रमुख इलाकों को फायदा मिलेगा। इन क्षेत्रों में रहने वाले लाखों लोगों को रेलवे स्टेशन और शहर के दूसरे हिस्सों तक आने-जाने में सुविधा होगी। मेट्रो शुरू होने से यात्रियों को सड़क पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर नौबस्ता और आसपास के इलाकों से IIT, सेंट्रल स्टेशन और अन्य प्रमुख स्थानों की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए सफर आसान होगा।
IIT से नौबस्ता तक 23.50 किमी का कॉरिडोर
कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-1 में IIT से नौबस्ता तक करीब 23.50 किलोमीटर का रूट शामिल है। इस पूरे रूट पर कुल 21 स्टेशन हैं। इनमें झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर भूमिगत स्टेशन हैं, जबकि अन्य स्टेशन एलिवेटेड हैं।
मेट्रो कॉरिडोर-एक का नया सफर
कुल दूरी (आईआईटी से नौबस्ता) : लगभग 23.50 किमी
कुल स्टेशन : 21 स्टेशन (झकरकटी व ट्रांसपोर्ट नगर भूमिगत)
कुल सफर का समय : 40 मिनट
अधिकतम किराया : 60 रुपये
सेंट्रल-नौबस्ता रूट पर ये 7 स्टेशन
नए सेक्शन में कुल सात स्टेशन शामिल हैं। इनमें झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर भूमिगत स्टेशन हैं। झकरकटी स्टेशन बस अड्डे के नजदीक होने के कारण दूसरे जिलों से आने वाले यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी देगा। इसके अलावा बारादेवी, किदवई नगर, बसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता टर्मिनल एलिवेटेड स्टेशन हैं।
बढ़ेगी रोजाना यात्रियों की संख्या
UPMRC के मुताबिक, सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद कानपुर मेट्रो में यात्रियों की संख्या में बड़ा इजाफा होने की उम्मीद है। वर्तमान में रोजाना करीब 20-25 हजार यात्री मेट्रो का इस्तेमाल कर रहे हैं। नए सेक्शन के शुरू होने के बाद यह संख्या बढ़कर 70 हजार से एक लाख से अधिक प्रतिदिन होने का अनुमान है। UP Metro Rail Corporation के जनसंपर्क अधिकारी पंचानन मिश्र के मुताबिक, सेंट्रल से नौबस्ता रूट पर मेट्रो सेवा शुरू करने को लेकर तैयारियां की जा रही हैं और नवरात्र के दौरान संचालन शुरू होने की पूरी उम्मीद है।