हरियाणा के नूंह में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तावडू मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े एक परिवार को तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पति और तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके से कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
साकिर और तीन बच्चों की मौत
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान शाहपुर पाड़ला निवासी साकिर (25), उसकी दो वर्षीय बेटी सिदरा और दो महीने की बेटी जारा के रूप में हुई है। हादसे में छह वर्षीय गजाला की भी मौत हो गई, जो रिश्ते में साकिर की साली बताई जा रही है।साकिर की पत्नी नसरीन हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे इलाज के लिए पहले नल्हड़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
ससुर का इंतजार कर रहा था परिवार
पुलिस को दी शिकायत में किफायतुल्ला निवासी घासेड़ा ने बताया कि उनका दामाद साकिर मंगलवार रात अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में जा रहा था। तावडू मार्ग पर वह बच्चों और पत्नी के साथ सड़क किनारे खड़ा होकर अपने ससुर का इंतजार कर रहा था।इसी दौरान होडल की तरफ से तेज रफ्तार ट्रक आया और पांचों लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक छोड़कर भागा ड्राइवर
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों के पहुंचने से पहले ही ट्रक चालक घटनास्थल से कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और हादसे की परिस्थितियों की जांच जारी है।