पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में मौजूदा तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए 28 सितंबर से अगले 10 दिनों तक कक्षाएं स्थगित करने का फैसला लिया गया है। यह निर्णय कैंपस में छात्रों के विरोध प्रदर्शन और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद लिया गया है। इसी के साथ विश्वविद्यालय ने आगामी मिड-टर्म परीक्षाओं को भी फिलहाल टाल दिया है। परीक्षा की नई तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी।
छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया फैसला
विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से जारी सूचना में छात्रों की सुरक्षा और उनके हित को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाने की बात कही गई है। इस अवधि में छात्रों को घर जाकर परिवार के साथ समय बिताने और अभिभावकों के संपर्क में रहने की सलाह दी गई है।
कैंपस में रहने वाले छात्रों को अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह
जो छात्र इस दौरान कैंपस में ही रहना चाहते हैं, उन्हें हॉस्टल, पीजी या अपने कमरों में रहने और गैर-जरूरी आवाजाही से बचने को कहा गया है। विश्वविद्यालय ने छात्रों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी तरह के उग्र प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की अपील की है। साथ ही, आगे की जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की ओर से जारी आधिकारिक अपडेट पर नजर रखने को कहा गया है।
मिड-टर्म परीक्षा की नई तारीख बाद में होगी जारी
LPU ने छात्रों को भेजे नोटिस में बताया है कि 10 दिनों तक नियमित शैक्षणिक गतिविधियां बंद रहेंगी। इसके चलते पहले से निर्धारित मिड-टर्म परीक्षाओं के कार्यक्रम में भी बदलाव किया गया है।
विश्वविद्यालय के मुताबिक, परीक्षा की संशोधित तारीखों की जानकारी जल्द साझा की जाएगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा और कक्षाओं से जुड़े नए अपडेट के लिए विश्वविद्यालय के आधिकारिक संचार माध्यमों से जुड़े रहें।
रेप के आरोप के बाद शुरू हुआ था विरोध
कैंपस में तनाव की स्थिति एक छात्रा के साथ कथित रेप के मामले को लेकर पैदा हुई। आरोप है कि घटना से कुछ दिन पहले एक बाहरी व्यक्ति, जिसे प्लंबर बताया जा रहा है, ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कथित तौर पर हॉस्टल प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए। कुछ छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल वार्डन को घटना की जानकारी दी गई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं हुई।
ये भी पढ़ें-हिरासत से रिहा होने के बाद आशुतोष ने हिमंत बिस्वा को दी चुनौती, कहा- कॉकरोचों ने अभी शुरुआत...
NH-44 पर भी प्रदर्शन
विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने नेशनल हाईवे-44 को जाम कर दिया था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच झड़प की स्थिति भी बनी। इसके बाद कैंपस में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई, लगातार बढ़ते विरोध और कैंपस में हुई तोड़फोड़ के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने 10 दिनों तक कक्षाएं स्थगित करने और मिड-टर्म परीक्षाओं को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। विश्वविद्यालय ने छात्रों से संयम बनाए रखने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने को कहा है।