Jamui Case: बिहार के जमुई में नाबालिग लड़की और उसके लड़के साथी के साथ कथित छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव के साथ मंगलवार को टाउन थाना क्षेत्र में मुठभेड़ हुई, जिसमें उसके पैर में गोली लगने घायल हो गया है। आरोपी को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल ले जाया गया।
यह मामला उस समय सामने आया जब कथित घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया तेज कर दी।
POCSO एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना 19 सितंबर की है। ADG (लॉ एंड ऑर्डर) केएस अनुपम ने बताया कि एक नाबालिग लड़की अपनी दोस्त के साथ फोटो खिंचवाने गई थी, तभी कुछ नाबालिग छात्र और युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ की।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम लड़की के घर पहुंची और उसका बयान दर्ज किया। इसके बाद जमुई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिगों को पकड़ा। पुलिस ने बताया कि दो अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी भी मिली है। मामले में POCSO एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: डिप्टी सीएम
बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने घटना को लेकर कहा कि मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
डिप्टी सीएम ने आगे मीडिया का धन्यवाद करते हुए कहा कि वीडियो बनाने वाले, उसे सोशल मीडिया पर फैलाने वाले और कथित घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है। हालांकि, जब उनसे मुख्य आरोपी नंदन यादव के एनकाउंटर की खबरों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस संबंध में अभी जानकारी नहीं है।
मंत्री श्रवण कुमार ने घटना को बताया शर्मनाक
बिहार के मंत्री श्रवण कुमार ने भी इस घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे।
वहीं, बिहार राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन अश्वमेध देवी ने बताया कि मामले में वीडियो जारी करने वाले समेत करीब 120 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि दो गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वीडियो को रिकॉर्ड करने और उसे वायरल करने वालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: काज़ी तौकीर से बहस के बाद Riti Tiwari हुईं ट्रोल, नेटिज़न्स बोले-'Mute Button चाहिए'