लखनऊ: KGMU Nursing Students Protest: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) ने नर्सिंग छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने प्रदर्शन में शामिल छात्रों के अभिभावकों को सूचना भेजते हुए इसे "अनधिकृत और अनुचित" बताया है।
KGMU ने कहा कि 2025 बैच की एक नर्सिंग छात्रा की मौत के मामले को लेकर छात्रों ने 21 और 22 सितंबर को कैंपस में प्रदर्शन किया था। इसके बाद कुलपति ने छात्र प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी मांगों पर चर्चा की और समस्याओं के समाधान के लिए जरूरी कदम उठाए गए।
यूनिवर्सिटी प्रशासन के मुताबिक, छात्रों की समस्याओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक अलग Standard Operating Procedure (SOP) भी जारी किया गया है। इसके बावजूद कुछ छात्र 28 सितंबर से दोबारा धरने में शामिल हो गए।
KGMU ने दी अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी
KGMU ने अभिभावकों को भेजे पत्र में कहा कि प्रदर्शन में शामिल छात्रों की पढ़ाई और प्रशिक्षण गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी कि अगर छात्र निर्धारित कक्षाओं और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग से अनुपस्थित रहते हैं तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
यूनिवर्सिटी ने कहा कि कार्रवाई में कैरेक्टर रोल में प्रतिकूल प्रविष्टि, परीक्षा में शामिल होने की पात्रता पर असर और जुर्माना जैसी कार्रवाई शामिल हो सकती है।
छात्रा की मौत के बाद शुरू हुआ था विरोध प्रदर्शन
बता दें कि यह पूरा मामला 2025 बैच की एक नर्सिंग छात्रा की बुखार से हुई मौत के बाद शुरू हुआ था। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप था कि बीमार होने के बावजूद छात्रा को छुट्टी नहीं दी गई थी। छात्रों ने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की थी।
22 सितंबर को कुलपति की ओर से मांगों पर विचार करने के आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन वापस ले लिया था। हालांकि, दोबारा प्रदर्शन शुरू होने के बाद KGMU प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली HC का बड़ा आदेश, Drishti IAS फाउंडर के नाम-फोटो वाले फर्जी प्रोफाइल और डीपफेक कंटेंट हटाने के निर्देश