Kanpur Accident Video Viral: कानपुर में किसान नगर-बिधनू मार्ग पर ट्राला और पिकअप की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों चालक केबिन में फंस गए। पुलिस ने गैस कटर से केबिन काटकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
तेज रफ्तार ट्राला ने पिकअप को मारी टक्कर
घटना गुरुवार दोपहर सीढ़ी-इटारा के पास की है। बताया गया कि पतारा के रायपुर गांव निवासी करीब 40 वर्षीय कुलदीप अवस्थी पिकअप से कोल्ड ड्रिंक की सप्लाई करने के बाद बिधनू की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्राला से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।हादसा इतना जोरदार था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। टक्कर के बाद दोनों चालक अपने-अपने वाहनों के केबिन में बुरी तरह फंस गए। हादसे के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई।
गैस कटर से काटना पड़ा केबिन
सूचना मिलने के बाद सचेंडी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और बचाव टीम ने गैस कटर की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर दोनों चालकों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।मृतकों में पिकअप चालक कुलदीप अवस्थी और ट्राला चालक नीरज कुमार शामिल हैं। नीरज कुमार औरैया के रहने वाले बताए जा रहे हैं। थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्र के मुताबिक दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
हादसे का 27 सेकेंड का वीडियो वायरल
पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। अब इसका करीब 27 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में तेज रफ्तार ट्राला सामने से आ रही पिकअप से टकराता दिखाई दे रहा है।वीडियो में टक्कर की भयावहता साफ दिखाई देती है। हालांकि, वायरल हो रहे वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।
कुलदीप की मौत से परिवार में मचा कोहराम
कुलदीप अवस्थी तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और एक एजेंसी में चालक के तौर पर काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी अहिल्या, चार बेटियां और एक बेटा है। हादसे की खबर घर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। कुलदीप की मां गुलाब देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
सड़क किनारे खड़े वाहनों को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को लेकर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि घटनास्थल के पास सड़क किनारे भारी वाहन और कार खड़ी थी, जिसकी वजह से हादसे की स्थिति बनी। हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।