Jhansi News: झांसी में शहर के विस्तार को नई रफ्तार मिलने वाली है। बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) के पास करीब 500 एकड़ जमीन में नई आवासीय नगरी विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत बनने वाली इस टाउनशिप में आवासीय भूखंडों के साथ व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स भी विकसित किए जाएंगे।
झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) की बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। हालांकि, नई आवासीय नगरी के लिए जमीन का स्थान अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है। जेडीए ने आबादी के आसपास कुछ स्थान चिह्नित किए हैं। जल्द ही इनमें से किसी एक जगह का चयन कर जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
स्कूल, कॉलेज और अस्पताल के लिए भी होगी जगह
नई टाउनशिप को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित करने की योजना है। इसमें स्कूल, कॉलेज और अस्पताल के लिए भी स्थान आरक्षित किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक यहां फ्लैट की जगह चरणबद्ध तरीके से आवासीय भूखंडों का आवंटन किया जाएगा।
इसके अलावा लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए व्यावसायिक गतिविधियों के लिए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स भी बनाए जाएंगे। इससे आवासीय क्षेत्र के साथ रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों के लिए भी सुविधाएं विकसित होंगी।
रुंदकरारी में 1000 एकड़ की टाउनशिप पर भी काम जारी
मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत झांसी के रुंदकरारी में 1000 एकड़ में टाउनशिप विकसित करने का काम पहले से चल रहा है। इसके पहले चरण में 111 एकड़ क्षेत्र में 1109 भूखंडों का आवंटन किया जा चुका है।
जेडीए अब तक करीब 900 एकड़ जमीन खरीद चुका है, जो प्रस्तावित भूमि का लगभग 82 फीसदी है। शेष जमीन की खरीद और ग्रामसभा की जमीन लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा 43 काश्तकारों की 40.781 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण होना है। इसके लिए जेडीए ने 40.75 करोड़ रुपये बैंक में जमा करा दिए हैं।