Haryana News: हरियाणा सरकार कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे के दोनों ओर पांच नए ग्रीनफील्ड शहर विकसित करने की तैयारी में है। करीब 135 किलोमीटर लंबे KMP कॉरिडोर को प्रदेश के भविष्य के शहरी और औद्योगिक विकास की प्रमुख धुरी बनाने की योजना है। प्रस्तावित शहरों के विकास के लिए पंचग्राम विकास प्राधिकरण के गठन की योजना सामने आई है।
इन शहरों की योजना वर्ष 2041 की संभावित आबादी को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है। इसके तहत भविष्य में आवास, परिवहन, नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे की जरूरतों का आकलन किया जाएगा।
सिंगापुर के मॉडल का होगा अध्ययन
हरियाणा सरकार प्रस्तावित नए शहरों की नगरीय व्यवस्था और बुनियादी ढांचे के लिए सिंगापुर के मॉडल का अध्ययन करेगी। इसके लिए राज्य सरकार का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जल्द सिंगापुर का दौरा कर वहां की शहरी व्यवस्था और विकास मॉडल का अध्ययन करेगा। इससे पहले मार्च में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर इंडिया बिजनेस फोरम के प्रतिनिधियों के साथ हरियाणा में निवेश और औद्योगिक सहयोग को लेकर चर्चा की थी।
एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की बैठक में भी हुई चर्चा
हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर के अनुसार, पंचग्राम परियोजना पर जून 2026 में हुई एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की बैठक में भी चर्चा हुई थी। ड्राफ्ट रीजनल प्लान-2041 में KMP एक्सप्रेसवे के साथ पांच नए शहरों की योजना को शामिल किया गया है।
हालांकि, परियोजना अभी योजना और विकास के चरण में है। अंतिम मास्टर प्लान, जमीन से जुड़ी औपचारिकताएं और अन्य प्रक्रियाएं आगे पूरी की जानी हैं। प्रस्तावित शहरों में पानी की उपलब्धता को लेकर भी सवाल हैं। ऐसे में जल स्रोतों और पानी की आपूर्ति की ठोस योजना को अहम माना जा रहा है।
2030 तक 10 नई IMT विकसित करने का लक्ष्य
राव नरबीर के मुताबिक, हरियाणा सरकार ने वर्ष 2030 तक 10 नई औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (IMT) विकसित करने का लक्ष्य रखा है। इनमें से पांच को मंजूरी मिल चुकी है, जबकि तीन IMT KMP कॉरिडोर से जुड़ी होंगी। इसके अलावा गुरुग्राम-पंचगांव क्षेत्र में प्रस्तावित 35.25 किलोमीटर लंबे मेट्रो कॉरिडोर में 28 स्टेशन होंगे। इसका उद्देश्य भविष्य में होने वाले शहरी विस्तार को बेहतर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था से जोड़ना है।