प्रयागराज: जस्टिस मोर्चा की जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा अपने 32वें दिन इलाहाबाद विश्वविद्यालय के यूनियन हॉल से शुरू होकर कर्नलगंज, यूनिवर्सिटी चौराहा, साइंस फैकल्टी, मनमोहन पार्क, कचहरी, बेली रोड, मम्फ़ोर्डगंज और तेलियरगंज होते हुए फाफ़ामऊ पहुँची।

यात्रा के दौरान पत्थर गिरजाघर पर जून माह से TGT-PGT भर्ती में पुरानी नियमावली लागू करने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में यात्रा के साथियों ने भाग लिया। आंदोलनकारियों द्वारा 5 सितंबर से जारी आमरण अनशन के बीच जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा ने आंदोलन को अपना समर्थन दिया और अनशनरत अभ्यर्थियों एवं आंदोलनकारियों का हौसला बढ़ाया।

यात्रा के दौरान युवाओं और छात्रों से लगातार संवाद किया गया। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से फाफ़ामऊ तक विभिन्न कोचिंग संस्थानों में छात्रों से मुलाकात कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, समयबद्ध परीक्षाएं, रोजगार के अवसर और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। छात्रों को यात्रा की मांगों से अवगत कराया गया और उन्हें 2 अक्टूबर को लखनऊ में होने वाले जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया।

जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा 20 अगस्त को गोरखपुर के चौरी-चौरा से शुरू हुई थी और 2 अक्टूबर को लखनऊ में इसका समापन होगा। 45 दिनों की यह यात्रा पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से गुजरते हुए छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों के बीच शिक्षा, रोजगार, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और समान अवसर के सवालों को लेकर संवाद कर रही है।

यह भी पढ़ें: काशी विश्वनाथ मंदिर के SDM पर भक्त से बदसलूकी का आरोप, वाराणसी कोर्ट ने दर्ज किया शिकायत केस