Ghaziabad News: गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में प्रस्तावित एयरोसिटी टाउनशिप को जमीन पर उतारने की कवायद तेज हो गई है। टाउनशिप के लिए लैंड पूलिंग के जरिए किसानों से जमीन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को एक किसान ने जीडीए कार्यालय पहुंचकर जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल को जमीन देने का सहमति पत्र सौंपा। अब प्राधिकरण की ओर से अन्य किसानों से भी सहमति पत्र लेने की प्रक्रिया चल रही है।

तीन गांवों की 230 हेक्टेयर जमीन पर बसेगी टाउनशिप
राजनगर एक्सटेंशन में एयरोसिटी टाउनशिप के लिए अटौर, मोरटी और मेवला अगरी गांवों की जमीन चिह्नित की गई है। इन तीनों गांवों की करीब 230.2232 हेक्टेयर जमीन पर टाउनशिप विकसित करने की योजना है। इसमें से करीब 200.2515 हेक्टेयर जमीन किसानों से लैंड पूलिंग के माध्यम से ली जानी है। अकेले अटौर गांव की करीब 108.2604 हेक्टेयर जमीन योजना के लिए ली जाएगी। जमीन लेने के लिए किसानों को दिए जाने वाले लाभ और प्रक्रिया को लेकर भी प्राधिकरण की ओर से तैयारी पूरी की जा रही है।

एक महीने में किसानों से सहमति लेने का लक्ष्य
शुक्रवार को योजना के लिए पहले किसान ने लैंड पूलिंग के जरिए अपनी जमीन देने की सहमति दी। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि जमीन लेने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। एक महीने के भीतर सभी संबंधित किसानों से सहमति पत्र लेने का लक्ष्य रखा गया है। प्राधिकरण अब अन्य किसानों से संपर्क कर उन्हें लैंड पूलिंग योजना की जानकारी दे रहा है और सहमति पत्र लेने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है।

किसानों को विकसित जमीन का मिलेगा लाभ
जीडीए ने किसानों को लैंड पूलिंग के फायदे समझाने के लिए करीब सवा दो मिनट का वीडियो भी जारी किया है। इसमें योजना के तहत जमीन देने की प्रक्रिया और किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई है।

प्राधिकरण के मुताबिक, लैंड पूलिंग के तहत योजना में शामिल किसानों को उनकी ली गई भूमि के बदले 25 फीसदी विकसित भूमि वापस दी जाएगी। इस व्यवस्था का एक फायदा यह भी है कि प्राधिकरण को जमीन अधिग्रहण के लिए शुरुआत में बड़ी रकम खर्च नहीं करनी पड़ेगी।

पूरी तरह कमर्शियल होगी एयरोसिटी टाउनशिप
एयरोसिटी टाउनशिप को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास विकसित करने की योजना है। यह पूरी तरह व्यावसायिक टाउनशिप होगी। यहां अलग-अलग व्यावसायिक और संस्थागत गतिविधियों के लिए प्लॉट विकसित किए जाएंगे। योजना में बड़ी कंपनियों के ऑफिस, होटल, रेस्तरां, मॉल, कॉलेज, स्पोर्ट्स क्लब, स्पोर्ट्स एकेडमी, गोल्फ कोर्स, दुकान और शोरूम जैसी सुविधाओं के लिए जगह प्रस्तावित है। इससे इस क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

नमो भारत और एलिवेटेड रोड से जुड़ेगी टाउनशिप
राजनगर एक्सटेंशन में एयरोसिटी टाउनशिप के पास ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम प्रस्तावित है। इसके अलावा क्षेत्र में हरनंदीपुरम टाउनशिप भी विकसित की जा रही है। ऐसे में आने वाले समय में इस इलाके में कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की योजना है।

एयरोसिटी समेत क्षेत्र की प्रमुख योजनाओं को एनपीआर, एलिवेटेड रोड, जोनल रोड और नमो भारत ट्रेन के स्टेशनों से जोड़ने की योजना है। इससे टाउनशिप में आने-जाने वाले लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

क्या बोले जीडीए उपाध्यक्ष?
जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने कहा कि एयरोसिटी टाउनशिप विकसित करने की तैयारी चल रही है। शुक्रवार को एक किसान ने लैंड पूलिंग के माध्यम से जमीन देने का सहमति पत्र दिया है। इसी तरह अन्य किसानों से भी सहमति पत्र लेने की प्रक्रिया चल रही है, ताकि योजना को आगे बढ़ाया जा सके।